
Greater Noida (चेतना मंच)। थाना सेक्टर-24 क्षेत्र के दीपभवन के सामने नाले से एक नवजात का शव बरामद हुआ है। आशंका जताई जा रही है कि किसी कुंवारी मां ने जन्म लेते ही नवजात को नाले में फेंक दिया जिससे उसकी मौत हो गई। इसके अलावा रबूपुरा क्षेत्र में भी सड़ा गला शव पुलिस ने बरामद किया है।
जानकारी के अनुसार, थाना सेक्टर 24 के क्षेत्रवासियों ने आज सुबह दीप भवन के सामने नाले में एक नवजात का शव बहता देखकर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। नाले से नवजात का शव मिलने की सूचना पर मौके पर लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई। लोगों में चर्चा थी कि संभवत किसी कुंवारी मां ने लोक लाज के भय से जन्म देते ही नवजात को नाले में फेंक दिया। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाल रही है।
थाना रबूपुरा क्षेत्र के दयानतपुर गांव के पास नहर से एक व्यक्ति का सड़ा गला शव बरामद हुआ है। आशंका व्यक्त की जा रही है कि उक्त व्यक्ति की हत्या कर शव को ठिकाने लगाने के उद्देश्य से नहर में फेंका गया है। थाना प्रभारी सुधीर कुमार ने बताया कि बुधवार को सूचना मिली की दयानतपुर गांव के पास नहर में एक व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है।
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नहर से निकलवा कर उसकी शिनाख्त कराने का प्रयास किया लेकिन सफलता नहीं मिल पाई। उन्होंने बताया कि शव करीब चार-पांच दिन पुराना है और पानी में पड़ा रहने के कारण बुरी तरह फूल गया है। मौत के कारणों का पता जानने के लिए शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा। शव की शिनाख्त कराने के लिए आसपास के थाना क्षेत्रों की पुलिस को सूचना दे दी गई है।