Greater Noida News: रिहायशी सेक्टर में जाकर वहां की वास्तविक समस्याओं को समझा जाए और उनका प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए। इसके लिए अलग-अलग विभागों के अधिकारियों की संयुक्त टीम बनाई गई है जो तय कार्यक्रम के अनुसार सभी सेक्टरों का दौरा करेगी।

ग्रेटर नोएडा के रिहायशी सेक्टरों में रहने वाले लोगों को अब अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने नई पहल शुरू की है जिसके तहत अधिकारियों की टीम सीधे सेक्टरों में पहुंचकर लोगों से शिकायतें सुन रही है और उनका जल्द समाधान कराने की दिशा में काम कर रही है। इस अभियान की शुरुआत मंगलवार को सेक्टर अल्फा-1 से हुई जहां अधिकारियों ने मौके पर निरीक्षण किया और कई जरूरी समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित विभागों को निर्देश दिए।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) एन. जी. रवि कुमार के निर्देश पर यह अभियान शुरू किया गया है। उद्देश्य यह है कि हर रिहायशी सेक्टर में जाकर वहां की वास्तविक समस्याओं को समझा जाए और उनका प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए। इसके लिए अलग-अलग विभागों के अधिकारियों की संयुक्त टीम बनाई गई है जो तय कार्यक्रम के अनुसार सभी सेक्टरों का दौरा करेगी।
इस अभियान के पहले दिन प्राधिकरण की टीम सेक्टर अल्फा-1 पहुंची। अधिकारियों ने स्थानीय आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों और निवासियों के साथ क्षेत्र का निरीक्षण किया। लोगों ने सड़क, सफाई, स्ट्रीट लाइट, पार्क, मार्केट और अन्य सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं। टीम ने कई मामलों में मौके पर ही आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए और बाकी समस्याओं के जल्द समाधान का भरोसा दिलाया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने देखा कि कई स्थानों पर निर्माण सामग्री और मलबा सड़क किनारे पड़ा हुआ है जिससे लोगों को आने-जाने में परेशानी होती है। कुछ पीजी के आसपास भी कूड़ा फैला मिला। इस पर संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि ऐसे मामलों में तुरंत कार्रवाई की जाए। पीजी संचालकों को नोटिस भेजे जाएंगे और सड़क पर मलबा डालने वालों से उसे हटाने का खर्च भी वसूला जाएगा।
यह भी पढ़ें: अब फैक्ट्रियों के बाहर नहीं लगेगा कूड़े का ढेर! ग्रेटर नोएडा में शुरू हुई नई व्यवस्था
प्राधिकरण ने साफ किया है कि सेक्टरों में साफ-सफाई बनाए रखने के लिए सभी निवासियों का सहयोग जरूरी है। लोगों से अपील की गई है कि वे कूड़ा केवल कूड़ा कलेक्शन वाहन में ही डालें। यदि कोई व्यक्ति सार्वजनिक स्थान पर कूड़ा फेंकता है या नियमों का पालन नहीं करता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी और जुर्माना भी लगाया जाएगा। प्राधिकरण ने लोगों से ऐसे मामलों की जानकारी तुरंत अधिकारियों को देने की अपील की है।
निरीक्षण के दौरान स्थानीय लोगों ने जर्जर स्ट्रीट लाइट पोल बदलने, पार्कों के बेहतर रखरखाव, रोड मार्किंग, स्पीड ब्रेकर और मार्केट में सार्वजनिक शौचालय जैसी मांगें भी अधिकारियों के सामने रखीं। प्राधिकरण की टीम ने भरोसा दिलाया कि इन सभी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाएगा।
सेक्टर के लोगों और आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों ने प्राधिकरण की इस नई व्यवस्था का स्वागत किया। उनका कहना है कि अधिकारियों के सीधे सेक्टर में आने से समस्याओं की सही जानकारी मिल रही है और समाधान की प्रक्रिया भी तेज होगी। इससे लोगों और प्राधिकरण के बीच बेहतर संवाद बनेगा और सेक्टरों की मूलभूत सुविधाओं में सुधार देखने को मिलेगा।
विज्ञापन