
Greater Noida News (अमन भाटी) : पुरानी पेंशन बहाली और निजीकरण को लेकर ऑल टीचर्स एम्पलाई वेलफेयर एसोसिएशन तथा नेशनल मूवमेंट ऑफ ओल्ड पेंशन स्कीम की ओर से बिहार, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में भारत जोड़ो यात्रा निकाली जा रही है। यह यात्रा आगामी 14 जून को गौतमबुद्धनगर में प्रवेश करेगी। इस यात्रा के दौरान सरकारी कर्मचारियों को इस आंदोलन में सक्रिय रुप से भागीदारी करने की अपील की जाएगी।
यह जानकारी सोमवार को दादरी के सरकारी अस्पताल में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान ऑल टीचर्स एम्पलाई वेलफेयर एसोसिएशन (अटेवा) के जनपद गौतमबुद्धनगर के संरक्षक कपिल चौधरी, जिला अध्यक्ष रविंद्र कुमार और महामंत्री रामप्रवेश पाल ने दी। उन्होंने बताया कि ऑल टीचर्स एम्पलाई वेलफेयर एसोसिएशन और नेशनल मूवमेंट ऑफ ओल्ड पेंशन स्कीम के बैनर तले पुरानी पेंशन बहाली एवं एनपीएस निजीकरण भारत जोड़ों यात्रा पुरानी पेंशन बहाली के लिए निकाली जा रही है। यह यात्रा बिहार की धरती चंपारण से 1 जून से प्रारंभ हुई थी, जो कि देश के विभिन्न प्रदेशों एवं जिलों से गुजरती हुई 14 जून को गाजियाबाद से लाल कुआं के रास्ते गौतमबुद्धनगर में प्रवेश करेगी।
जनपद में प्रवेश पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बादलपुर पर यात्रा का भव्य स्वागत किया जाएगा। जिसके बाद पालिका परिषद दादरी कार्यालय के बाहर स्वागत किया जाएगा। उसके बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दादरी में राष्ट्रीय अध्यक्ष विजय बंधु का स्वागत एवं संबोधन होगा। स्वागत कार्यक्रम पूर्ण होने के बाद रथ यात्रा बुलंदशहर जिले के लिए प्रस्थान करेगी।
उन्होंने बताया कि अटेवा और एनएमओपीएस के बैनर तले चलाए गए आंदोलन के बाद 6 प्रदेशों राजस्थान, छत्तीसगढ़, हिमाचल, पंजाब, झारखंड प्रदेश में पुरानी पेंशन की बहाली में सफलता प्राप्त हुई है। कई प्रदेश पाइप लाइन में है। पूरे भारत में पुरानी पेंशन बहाली के लिए अटेवा और एनएमओपीएस द्वारा देश के समस्त विभागों के कर्मचारियों को लामबंद करते हुए 1 अगस्त से 9 अगस्त 2023 तक देश के सभी सांसदों के घरों पर घंटी बजाओ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। 1 अक्टूबर 2023 को दिल्ली के रामलीला ग्राउंड में विशाल कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। Greater Noida