ई-वेस्ट के लिए बड़ी पहल, पुराने उपकरण बेचने पर मिलेगा उचित दाम
Greater Noida News
भारत
चेतना मंच
02 Dec 2025 01:13 AM
Greater Noida News : ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने शहर में ई-वेस्ट (E-Waste) के सुरक्षित और पर्यावरण हितैषी निस्तारण (Environmentally Friendly Disposal) के लिए एक बड़ा कदम उठाया है। इस संबंध में प्राधिकरण ने एक्सप्रेशन ऑफ इंटरेस्ट (EOI) जारी किया था जिसमें पांच कंपनियों ने अपनी रुचि जताई है। सोमवार को इन कंपनियों ने प्राधिकरण के समक्ष अपनी योजनाओं का प्रस्तुतिकरण भी दिया, जिसके बाद उनकी सूचीबद्ध करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
प्राधिकरण द्वारा तय की जाएंगी इलेक्ट्रॉनिक सामानों की कीमतें
सूचीबद्ध कंपनियों के चयन के बाद ग्रेटर नोएडा के निवासी अपने पुराने और बेकार पड़े इलेक्ट्रॉनिक्स जैसे लैपटॉप, मोबाइल, चार्जर आदि इन कंपनियों को सौंप सकेंगे। बदले में उन्हें निर्धारित दरों के अनुसार पैसे भी दिए जाएंगे। प्राधिकरण द्वारा सभी इलेक्ट्रॉनिक सामानों की कीमतें तय की जाएंगी और कंपनियों की संपर्क जानकारी जल्द ही प्राधिकरण की वेबसाइट पर उपलब्ध कराई जाएगी।
वातावरण को स्वच्छ बनाने के लिए शुरू की गई पहल
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार ने बताया कि, यह पहल शहर को ई-वेस्ट के प्रदूषण से बचाने और स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के लिए शुरू की गई है। प्राधिकरण के स्वास्थ्य विभाग की देखरेख में यह प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता के साथ आगे बढ़ रही है। प्राधिकरण की एसीईओ श्रीलक्ष्मी वीएस ने बताया कि चयनित कंपनियां ई-वेस्ट को एकत्रित कर अपने निस्तारण केंद्रों पर सुरक्षित तरीके से निपटाएंगी।
प्राधिकरण पूरी तत्परता से कर रहा काम
इस प्रक्रिया को जल्द से जल्द पूरा करने के लिए प्राधिकरण पूरी तत्परता से काम कर रहा है, ताकि ग्रेटर नोएडा के नागरिक अपने ई-वेस्ट को सही तरीके से निस्तारित कर सकें और पर्यावरण संरक्षण में सहयोग दे सकें। इस पहल से न सिर्फ शहर की स्वच्छता बढ़ेगी बल्कि पर्यावरण संरक्षण को भी बल मिलेगा, साथ ही लोगों को उनके पुराने इलेक्ट्रॉनिक सामान का उचित मूल्य भी मिलेगा। Greater Noida News