Greater Noida News : जेवर एयरपोर्ट के पास डेयरी और एग्रो हब बनाया जाएगा। गौतमबुद्ध नगर और आसपास के जिलों की पहचान दुनिया में मजबूत करने के लिए जेवर एयरपोर्ट के पास हर्बल एंड फूड पार्क को आकार देने का काम शुरू कर दिया गया है। पतंजलि अपने मेगा प्लान के साथ डेयरी, एग्रो पार्क और देश के सबसे बड़े बिस्किट प्लांट की शुरुआत करेगी। सरकार की बैकवर्ड एंड फारवर्ड लिंकेज योजना के तहत स्थानीय पशुपालकों और किसानों के कृषि उत्पादों को दुनिया तक पहुंचाया जाएगा।
मेगा फूड पार्क के साथ फूड प्रोसेसिंग यूनिट का निर्माण शुरू
इसके साथ ही यहां औद्योगिक पार्क विकसित करने के लिए पतंजलि अपने हिस्से की जमीन में छोटे और मध्यम आकार के उद्योगों को सब-लीज के जरिये जगह मुहैया कराएगी। यमुना सिटी के सेक्टर 24 व 24 ए में पतंजलि आयुर्वेद को 300 और 130 एकड़ भूमि आवंटित की गई है। यहां पतंजलि ने मेगा फूड पार्क के साथ फूड प्रोसेसिंग यूनिट का निर्माण शुरू कर दिया है। यहां के लिए गांवों का कलस्टर बनाकर 100 से ज्यादा कलेक्शन सेंटर और चिलर प्लांट बनाए जाएंगे। एक वर्ष के अंदर फूड पार्क और प्रोसेसिंग यूनिट बनकर तैयार हो जाएगी।
यमुना प्राधिकरण विकसित करेगा मूलभूत सुविधाएं
पतंजलि के हर्बल पार्क में सीवर, सड़क, बिजली और पानी जैसी मूलभूत सुविधाएं यमुना प्राधिकरण मुहैया कराएगा। पतंजलि सुविधाएं विकसित करने के बाद प्राधिकरण भुगतान करेगी। यहां विकसित होने वाली डेयरी 50 एकड़ में, फ्रोजन वेजिटेबल सेंटर 65 एकड़ में और 17 एकड़ में बिस्किट प्लांट लगाया जाएगा। इसके अलावा पतंजिल के उत्पाद तैयार किए जाएंगे।
236 औद्योगिक भूखंडों को किया जाएगा आवंटित
पतंजलि की ओर से यहां 300 से एक हजार मीटर तक के औद्योगिक भूखंड आवंटित किए जाएंगे। इसके लिए यमुना प्राधिकरण के सीईओ डॉ. अरुणवीर सिंह की अध्यक्षता में कमेटी साक्षात्कार कर चयन करेगी। फिलहाल, 80 आवेदन आ चुके हैं। इसी महीने भूखंडों के आवंटन की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
करीब 20,000 लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिलेगा
पतंजलि आयुर्वेद का यूपी में पहला मेगा प्रोजेक्ट है। कंपनी मेगा फूड पार्क में 937 करोड़ रुपये का निवेश करेगी। इसमें पतंजलि फूड प्रोसेसिंग यूनिट में 498 करोड़ का निवेश होगा। कंपनी की डीपीआर के मुताबिक इससे करीब 20,000 लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिलेगा। इसके अलावा यूपी, हरियाणा व उत्तराखंड के तीन लाख किसानों को अप्रत्यक्ष रूप से लाभ होगा। डॉ. अरुणवीर सिंह, सीईओ, यमुना प्राधिकरण ने बताया कि पतंजलि मेगा प्लान के साथ डेयरी, एग्रो पार्क और देश के सबसे बड़े बिस्किट प्लांट की शुरूआत करेगी। सरकार की बैकवर्ड एंड फारवर्ड लिंकेज योजना के तहत स्थानीय पशुपालकों और किसानों के कृषि उत्पादों को उच्च गुणवत्ता के साथ इसे देश और दुनिया तक पहुंचाया जाएगा। Greater Noida News