जमीन बेचने के नाम पर जालसाज भाईयों ने 64 लाख हड़पे
Greater Noida News
ग्रेटर नोएडा
RP Raghuvanshi
01 Dec 2025 02:00 PM
ग्रेटर नोएडा
RP Raghuvanshi
01 Dec 2025 02:00 PM
जमीन बेचने के नाम पर तीन जालसाज भाइयों ने एक व्यक्ति से 64 लाख रुपए हड़प लिए। पैसे लेने के बाद तीनों भाइयों ने जमीन किसी और व्यक्ति को बेच दी। पीड़ित ने जब अपने पैसे मांगे तो आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी देकर भगा दिया। न्यायालय के निर्देश पर तीनों आरोपियों के खिलाफ थाना बीटा दो में धोखाधड़ी सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
विश्वास नगर शाहदरा दिल्ली निवासी प्रेमदत्त शर्मा ने बताया कि वर्ष 2018 में एक प्रॉपर्टी डीलर के माध्यम से उसकी मुलाकात ऐच्छर गांव निवासी दानवीर से हुई। दानवीर ने उसे बताया कि वह गाजियाबाद में स्थित अपनी जमीन को बेचना चाहता है। प्रेमदत्त शर्मा के मुताबिक जमीन के कागजात देखने के बाद उसका सौदा 65 लाख रुपए में तय हुआ।
64 लाख रुपए देकर उसने जमीन का रजिस्टर्ड एग्रीमेंट करा लिया। 1 लाख रूपये की धनराशि रजिस्ट्री के वक्त देने की बात तय हुई। प्रेमचंद के मुताबिक उसने जब दानवीर से जमीन की रजिस्ट्री करने को कहा तो उसने बताया कि उसका अपनी पत्नी से विवाद चल रहा है। जल्द ही यह विवाद सुलझ जाएगा इसके बाद वह उसे रजिस्ट्री कर देगा। काफी समय बीतने के बाद भी जब उसने रजिस्ट्री नहीं की तो उसने दोबारा फोन किया जिस पर दानवीर ने उससे कुछ और समय मांग लिया।
इस दौरान वर्ष 2020 में पूरे देश में कोविड-19 के कारण लॉकडाउन हो गया। दूसरे लॉकडाउन के बाद फोन पर बात होने पर दानवीर ने जल्द ही रजिस्ट्री करने का आश्वासन दिया। इस दौरान उसे पता चला कि दानवीर ने उक्त जमीन को किसी अन्य व्यक्ति को बेच दिया है। यह जानकारी मिलने पर वह अपने बेटे के साथ 27 फरवरी 2023 को दानवीर के घर पहुंचा तो वहां पर दानवीर उसके भाई इंद्र व विजेंद्र ने उसे देखते ही गाली गलौज शुरू कर दी।
तीनों आरोपियों ने कहा कि वह अपने पैसे भूल जाए अगर पैसों का तगादा किया तो वह उसे जान से मारकर नाले में फेंक देंगे। विरोध करने पर तीनों आरोपियों ने उसके साथ मारपीट कर उसे वहां से भगा दिया। इस मामले की शिकायत पुलिस से की गई लेकिन पुलिस ने भी मुकदमा दर्ज नहीं किया। थाना बीटा-2 प्रभारी ने बताया कि न्यायालय के निर्देश पर तीनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।
ग्रेटर नोएडा– नोएडाकी खबरों से अपडेट रहने के लिए चेतना मंच से जुड़े रहें।देश-दुनिया की लेटेस्ट खबरों से अपडेट रहने के लिए हमें फेसबुकपर लाइक करें या ट्विटरपर फॉलो करें।