मुंशी ने मामा के साथ मिलकर रची थी लूट की झूठी साजिश
Greater Noida News
भारत
चेतना मंच
01 Dec 2025 09:33 AM
ग्रेटर नोएडा। थाना बीटा-2 पुलिस ने कारोबारी के मुंशी से एक करोड़ रूपये लूटने की वारदात का कुछ ही घंटों में खुलासा कर दिया। पुलिस ने इस मामले में कारोबारी के मुंशी को गिरफ्तार कर पूरी रकम बरामद कर ली है। पकड़े गए मुंशी ने बताया कि 1 करोड़ रूपये से अधिक की रकम देखकर उसके मन में लालच आ गया और उसने पैसे हड़पने की नीयत से पुलिस को लूट की झूठी सूचना दे दी। पुलिस इस मामले में पकड़े गए मुंशी के मामा की तलाश कर रही है।
डीसीपी साद मिया खान ने बताया कि दादरी निवासी व्यापारी गोपाल का खल-चूरी और आटे का थोक का कारोबार है। गांव प्यावली निवासी केतन उनकी दुकान पर मुंशी का काम करता था। केतन व्यापारी की पेमेंट देने के लिए दूसरे कारोबारियों के पास जाता था। सोमवार को केतन किसी व्यापारी को 1 करोड़, 7 लाख रूपये देने के लिए निकला था। उसने थाना बीटा-2 पुलिस को सूचना कि हथियारबंद बदमाशों ने उससे पैसे लूट लिए हैं।
पुलिस ने जांच पड़ताल की तो केतन पर संदेह गहरा गया। पूछताछ में केतन बार-बार अपने बयान बदल रहा था। सख्ती से पूछताछ करने पर केतन ने स्वीकार किया कि उसने अपने मामा गुडडू के साथ मिलकर लूट की झूठी सूचना देकर पैसे हड़पने की योजना बनाई थी। योजना के तहत उसने तमाम रकम अपने मामा गुडडू को देकर पुलिस को लूट की झूठी सूचना दे दी।
डीसीपी ने बताया कि केतन की निशानदेही पर पुलिस ने गुडडू के मामा के गांव समेता खुर्जा बुलंदशहर स्थित घर से पूरी रकम बरामद कर ली है। गुडडू ने इस पूरी रकम को गडडे में दबाकर रखा हुआ था। हालांकि गुडडू पुलिस के हाथ नहीं चढ़ा है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
ग्रेटर नोएडा– नोएडाकी खबरों से अपडेट रहने के लिए चेतना मंच से जुड़े रहें।देश-दुनिया की लेटेस्ट खबरों से अपडेट रहने के लिए हमें फेसबुकपर लाइक करें या ट्विटरपर फॉलो करें।