
Greater Noida News : प्राइवेट स्कूल की महिला टीचर की जिंदगी तबाह करने वाले आरोपी स्कूल मालिक को आखिरकार पुलिस ने गिरफ्तार कर ही लिया है। टीचर से रेप का आरोपी स्कूल मालिक पिछले कई दिनों से फरार चल रहा था। आरोपी के खिलाफ टीचर ने गत दिनों छह माह तक दुष्कर्म किए जाने का मुकदमा दर्ज कराया था।
ग्रेटर नोएडा के थाना बीटा 2 के थाना प्रभारी विनोद कुमार मिश्र ने बताया कि एक सूचना के आधार पर रेप के आरोपी मोहित नागर पुत्र सतवीर नागर निवासी ग्राम इमलिया को चुहडपुर अंडरपास से गिरफ्तार किया गया है। आरोपी महिला टीचर से बलात्कार के मामले में वांछित चल रहा था। उन्होंने बताया कि मोहित नागर का सिग्मा 3 में एमपीएस इंटरनेशनल प्राइवेट स्कूल है। इस स्कूल में शिक्षिका के रूप में कार्यरत कामिनी (काल्पनिक नाम) ने मोहित नागर के खिलाफ दुष्कर्म की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
महिला टीचर कामिनी के मुताबिक मोहित नागर ने उसे स्कूल कार्य के बहाने अपने ऑफिस में बुलाकर उसके साथ रेप किया था। इस दौरान आरोपी ने उसकी अश्लील वीडियो बना ली थी। अश्लील वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर मोहित नागर लगातार उसका यौन शोषण कर रहा था। मोहित नागर ने बात ना मानने पर शिक्षिका को उसके पति व बच्चों को जान से मारने की धमकी दी थी। टीचर के मुताबिक मोहित नागर के इशारे पर उसके गुर्गे लगातार उसे अलग-अलग नंबरों से फोन कर जान से मारने की धमकी दे रहे थे। मोहित नागर व उसके गुर्गों की हरकतों से परेशान होकर उसने गत दिनों थाने में मुकदमा दर्ज कराया था।