
Greater Noida : ग्रेटर नोएडा के पास दादरी में चौड़ी सड़कें क्षेत्र की तस्वीर बदल देगी। उत्तर प्रदेश सरकार के लोक निर्माण मंत्री जितिन प्रसाद ने दादरी की जनता को 36 करोड़ रूपये की सौगात दी है। इससे दादरी में सड़कों का चौड़ीकरण व निर्माण कार्य किया जाएगा।
उत्तर प्रदेश सरकार के लोक निर्माण मंत्री जितिन प्रसाद ने दादरी के आनंदपुर में स्थित जेएस पब्लिक स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में 36 करोड़ रूपये की परियोजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण किया। इस दौरान प्रदेश के कैबिनेट मंत्री ने दादरी विधानसभा में 12 करोड़ रूपए से अधिक की लागत से बनने वाले दादरी जारचा मार्ग से अजायबपुर रेलवे स्टेशन ग्रेटर नोएडा तक मार्ग के चौड़ीकरण एवं सुदढीकरण का शिलान्यास तथा दादरी विधानसभा से 23 करोड़ रूपये से ज्यादा की लागत से बनने वाले जारचा मार्ग से मढैया चक्रसेनपुर तक मार्ग का भी शिलान्यास किया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कैनिबेट मंत्री जितिन प्रसाद ने कहा कि गौतमबुद्धनगर में विकास यात्रा तेजी से आगे बढ़ रही है। जनता विकास का इंतजार करती है और जब सरकार विकास योजनाओं की सौगात देती है तो जनता में खुशी होती है। राज्य में भाजपा की सरकार आने के बाद गौतमबुद्धनगर समेत प्रदेश के अन्य जिलों की पुरानी छवि बदली है। अब बड़ी संख्या में विदेशी व देश की प्रमुख कंपनियां यूपी में निवेश कर रही हैं।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सभी को साथ लेकर चलती है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश ने विश्व पटल पर अपनी अलग पहचान बनाई है और इस पहचान को कायम रखने का जिम्मा हमारे पास है। आज के समय में उत्तर प्रदेश पूरे देश में विकास की दृष्टि से जाना जा रहा है।
इस अवसर पर गौतमबुद्धनगर लोकसभा क्षेत्र से सांसद व पूर्व केन्द्रीय मंत्री डॉ. महेश शर्मा, लोक निर्माण विभाग के राज्यमंत्री तथा जिला प्रभारी कुंवर ब्रजेश सिंह, दादरी के विधायक तेजपाल नागर, भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष सतेन्द्र सिसोदिया, विधान परिषद सदस्य नरेन्द्र भाटी, श्रीचंद शर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष अमित चौधरी, दादरी नगर पालिका परिषद की चेयरमैन श्रीमती गीता पंडित, जिलाध्यक्ष गजेन्द्र मावी समेत सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता तथा क्षेत्रीय जनता मौजूद रहे।
मालूम हो कि अब दादरी जारचा गांव से वीरपुर, खंडेरा, जीटी रोड कोट का पुल से नहर पटरी पर चक्रपुर, कैमराला तथा मढैया चक्रसेनपुर तक 23 करोड़ रूपये की लागत से सड़कों का चौड़ीकरण तथा सुदृढ़ीकरण कराया जाएगा। वहीं फूलपुर, नई बस्ती बील तथा रामगढ़ होते हुए अजायबपुर रेलवे स्टेशन तक 12 करोड़ की लागत से विकास कार्य होगा। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद क्षेत्र के कई गांवों तथा कस्बों में सड़कें चमचमा जाएंगी।