Greater Noida News : ग्रेटर नोएडा (चेतना मंच)। बंद घरों का ताला तोड़ कर चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले गिरोह के तीन सदस्यों को थाना सूरजपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने पकड़े गए बदमाशों के पास से चोरी के जेवरात सहित दो एलईडी टीवी, नकदी, चाकू और चोरी की वारदात में प्रयुक्त चोरी की इको कार बरामद की है।
Greater Noida News
सूरजपुर थाना प्रभारी पुष्पराज सिंह ने बताया कि पुलिस टीम खेड़ी बनोटा मोड़ के पास वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इस दौरान मुखबिर ने सूचना दी, कि बीते दिनों वंदना वाटिका कॉलोनी में घर में घुसकर चोरी करने की वारदात को अंजाम देने वाले चोर एक इको कार से तिलपता की तरफ आने वाले हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तिलपता की तरफ से आने वाली सर्विस रोड पर चेकिंग शुरू कर दी।
जेवरात सहित नगदी की बरामद
इस दौरान मुखबिर के इशारे पर इको कार को जांच के लिए रुकने का इशारा किया गया। पुलिस को देखकर कार चालक ने भागने का प्रयास किया। लेकिन पुलिस कर्मियों ने तीन लोगों को दबोच लिया। कार की तलाशी लेने पर उसमें से दो एलईडी टीवी, अंगूठी, मंगलसूत्र, लॉकेट, झुमकी, नथ सहित 35,400 रूपये की नगदी बरामद हुई।
बंद घरों को बनाते थे निशाना
पूछताछ में पकड़े गए आरोपियों ने अपना नाम देवेंद्र, मुकेश उर्फ मुक्के और सतपाल बताया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने कुछ दिनों पूर्वी वंदना वाटिका में एक घर का ताला तोडक़र चोरी की घटना को अंजाम दिया था। इसके अलावा उन्होंने नवंबर माह में डेल्टा 2 सेक्टर में एक मकान का ताला तोडक़र चोरी की वारदात को भी अंजाम दिया था।
हरियाणा से चुराई थी कार
थाना प्रभारी ने बताया कि उनके पास से बरामद एक कार भी चोरी की है। यह कार हरियाणा के थाना आईएमटी मानेसर क्षेत्र से चोरी की गई थी। तीनों आरोपी चोरी की वारदात में इको कार का प्रयोग करते थे। पकड़े गए आरोपियों ने चोरी की कई वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया है।
देशविदेशकी खबरों से अपडेट रहने लिए चेतना मंचके साथ जुड़े रहें।देश-दुनिया की लेटेस्ट खबरों से अपडेट रहने के लिए हमें फेसबुकपर लाइक करें या ट्विटरपर फॉलो करें।