
Greater Noida News : पंचायतों के अजीबो गरीब फरमान और फैसलों को लेकर हरियाणा की खाप पंचायतें बहुत ही चर्चाओं में रहती हैं, लेकिन इस बार ग्रेटर नोएडा के एक गांव में आयोजित हुई पंचायत में एक ऐसा फरमान सुनाया गया है, जो बेहद ही चर्चा में आ गया है। ग्रेटर नोएडा के पास बसे एक गांव में रविवार आयोजित हुई पंचायत में शादी समारोह या अन्य समारोहों के लिए एक खास तरह का फरमान सुनाया गया है। इस फरमान के तहत एक विशेष प्रकार के काम पर बैन लगाया गया है। जो भी व्यक्ति पंचायत के इस फैसले का उल्लंघन करेगा, उसके खिलाफ कार्यवाही भी की जाएगी।
दरअसल, हम आपको बताते हैं कि ग्रेटर नोएडा के नजदीक स्थित दनकौर कोतवाली क्षेत्र के गांव मकनपुर बांगर में पिछले चार पांच दिनों से शादी समारोह में एक विशेष प्रकार के गीत को चलाने को लेकर एक जाति विशेष के लोगों द्वारा आपत्ति जताई जा रही है। पिछले गुरुवार को जाति विशेष पर टिप्पणी करने वाले इस गीत को डीजे पर चलाए जाने के बाद दो पक्षों में विवाद हो गया था। हालात यह हो गए थे कि पुलिस सुरक्षा में गांव की दो बेटियों की शादी हुई थी। बेटियों की विदाई तक गांव में पुलिस फोर्स रही थी। इसके बाद गांव मकनपुर बांगर में शनिवार को आई एक अन्य बारात में फिर से वही विवादित गाना चला दिया गया तो तनाव की स्थिति बन गई। ऐन मौके पर पहुंचकर पुलिस ने हालात को काबू किए।
गांव की दो बिरादरियों के बीच गीत के विवादित बोल को लेकर होने वाले विवाद को निपटाने के लिए रविवार को ग्रेटर नोएडा के मकनपुर गांव में पंचायत का आयोजन किया गया। पंचायत ने फैसला सुनाया है कि विवादित शब्द वाला गीत बारात व सार्वजनिक स्थलों पर नहीं बजाया जाएगा।
रविवार को आयोजित इस पंचायत में मकनपुर बांगर समेत आसपास के आधा दर्जन गांवों के लोगों पंचायत में भाग लिया। पंचायत पहले मकनपुर बांगर गांव के समाजसेवी धीरज सिंह के आवास पर हुई। जिसमें मकनपुर खादर, लतीफपुर व रामपुर समेत आधा दर्जन गांवों के लोग शामिल हुए। पंचायत में दोनों पक्षों के लोगों को बुलाया गया। पंचायत ने दोनों पक्षों की बात सुनी और समझा बुझाकर आपसी भाईचारा कायम करने की अपील की।
जिसके बाद दोनों पक्ष के लोगों ने अपनी गलती मानी। साथ ही पंचायत में फैसला लिया गया कि किसी भी गांव में डीजे पर विवादित बोल वाला गीत नहीं बजाया जाए। समाजवादी पार्टी बाबा साहेब अंबेडकर वाहिनी के प्रदेश उपाध्यक्ष राहुल आर्यन ने बताया कि इसके बाद दूसरे पक्ष के यहां पर पंचायत हुई। दोनों ही पक्षों ने विवादित बोल वाले गीत पर आपत्ति की। इसके चलते दोनाें पक्ष ये गीत न चलाने को लेकर सहमत हो गए हैं। दो घंटे चली पंचायत में दोनों जाति से जुड़े ग्रामीणों ने आश्वासन दिया कि भविष्य में भाईचारे के साथ गांव के लोग एकजुट होकर रहेंगे। पंचायत में दोनों पक्षों के लोगों ने समझौते का लिखित में एक पत्र भी दिया। जिसे पुलिस को सौंप दिया गया गया है।