
Greater Noida (चेतना मंच)। ब्रेजा कार सवार युवक पेट्रोल पंप पर पेट्रोल की टंकी फुल करवाने के बाद बिना पैसे दिए रफूचक्कर हो गया। पेट्रोल पंप के सेल्समैन ने थाना बीटा-2 में अज्ञात कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
चूहड़पुर खादर सर्विस लेन यमुना एक्सप्रेसवे पर स्थित मंगलम एचपी पेट्रोल पंप के सेल्समैन मोनू ने बताया कि एक ब्रेजा कार सवार पेट्रोल पंप पर पहुंचा। कार सवार ने ड्रम केन व गाड़ी में 384 लीटर डीजल डलवाया। कार सवार ने उससे कहा कि वह कार्ड से पेमेंट करेगा। इस पर वह कार्ड मशीन लेने के लिए चला गया। कुछ देर बाद जब वह वापस लौटा तो ब्रेजा कार सवार वहां से गायब था। सीसीटीवी फुटेज देखने पर पता चला कि कार चालक उसके पंप से हटते ही कार लेकर रफूचक्कर हो गया था। कार नंबर के आधार पर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। थाना प्रभारी ने बताया कि सेल्समैन द्वारा उपलब्ध कराए गए कार नंबर के आधार पर आरोपी चालक की तलाश की जा रही है।
बेखौफ बदमाशों ने चार मूर्ति के पास एक महिला से सोने की चेन लूट ली और मौके से फरार हो गए। सुपरटेक इकोविलेज निवासी अजय कुमार पांडे बीती शाम अपनी पत्नी के साथ ब्लू सफायर मॉल से सुपरटेक इकोविलेज की तरफ जा रहे थे। जैसे ही वह चार मूर्ति की तरफ मुड़े तो बाइक सवार दो बदमाश पीछे से आए और उनकी पत्नी के गले से सोने की चेन झपट कर फरार हो गए। उन्होंने शोर मचाकर बदमाशों का पीछा भी किया लेकिन वह हाथ नहीं लगे। थाना प्रभारी ने बताया कि पीडि़त की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। सीसीटीवी कैमरे की फुटेज को खंगाल कर बदमाशों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। Greater Noida News