
Greater Noida (चेतना मंच)। ग्रेटर नोएडा के थाना रबूपुरा क्षेत्र के भीकनपुर गांव के पूर्व प्रधान के बेटे की हत्या के खुलासे के लिए पुलिस की तीन टीमें बनाई गई हैं। नोएडा पुलिस कमिश्नरेट के वरिष्ठ अधिकारियों की निर्देशन में टीम में शामिल तेज तर्रार पुलिसकर्मी विभिन्न बिंदुओं पर मामले की जांच पड़ताल कर रही है। पुलिस ने इस मामले में कई संदिग्धों से भी पूछताछ की है। इस मामले में पुलिस के हाथ कुछ सुराग भी लगे हैं।
भीकनपुर गांव निवासी पूर्व प्रधान लखपत सिंह का बेटा ललित गांव में ही मुर्गी फार्म का संचालन करता था। वह शनिवार रात घर से मुर्गी फार्म जाने के लिए निकला था। रास्ते में उसे बदमाशों ने चाकू से गोदकर लहू लुहान कर दिया था।
ग्रामीणों ने ललित को रास्ते में खून से लथपथ पड़ा देखकर परिजनों को सूचना दी। परिजन घायल ललित को अस्पताल लेकर पहुंचे। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने ललित को मृत घोषित कर दिया। हादसे की जानकारी मिलने पर थाना रबूपुरा पुलिस मौके पर पहुंची और फोरेंसिक टीम को बुलाकर जांच पड़ताल की।
एडीसीपी अशोक कुमार ने बताया कि रविवार को पोस्टमार्टम के बाद ललित का अंतिम संस्कार कर दिया गया। इस संबंध में परिजनों ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। परिजनों ने किसी भी तरह की रंजिश से इनकार किया है।
उन्होंने बताया कि मामले का खुलासा करने के लिए तीन टीमें गठित की गई है। इसके अलावा सर्विलांस सेल का भी सहारा लिया जा रहा है। पुलिस द्वारा सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच पड़ताल की जा रही है।