
Noida News / ग्रेटर नोएडा (चेतना मंच)। एनआरआई (NRI) को तंत्र मंत्र के जाल में फंसाकर इलाज के नाम पर उससे करोड़ों रुपये हड़पने तथा बंधक बनाने के आरोपियों के खिलाफ थाना बीटा-2 पुलिस ने गैंगस्टर की कार्रवाई की है। इस मामले में पुलिस ने 7 लोगों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
थाना प्रभारी विनोद कुमार मिश्र ने बताया कि पुलिस ने गैंग लीडर मोहम्मद फैजान उसकी पत्नी जोहा हिमायू, हिमांशु भाटी, मोनी उर्फ मोना, वीरेंद्र प्रसाद जोशी व जयपाल के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई की गई है। आरोपियों ने ग्रेटर नोएडा में रहने वाले एक एनआरआई को उसके जीवन पर संकट बताकर उससे करीब 2 करोड़ 75 लाख रुपये रुपए हड़प लिए थे। आरोपियों ने संजय को उसके घर में ही बंधक बना लिया था और पैसों की मांग कर रहे थे।
इस बात की जानकारी मिलने पर अमेरिका में रहने वाली उसकी पत्नी ने पुलिस को सूचना दी थी। सूचना के बाद पुलिस ने संजय शर्मा को आरोपियों के कब्जे से मुक्त कराया था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 7 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। उन्होंने बताया कि इस पूरे गिरोह का मास्टर माइंड मोहम्मद फैजान था।
थाना बिसरख में एक व्यक्ति ने अपने भाई के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पीड़ित का आरोप है कि उसका भाई उसे प्लॉट पर निर्माण कार्य नहीं करने दे रहा है। कृष्णानगर बागू गाजियाबाद निवासी आशुतोष कुमार ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि उसने ग्राम यूसुफपुर चक साबेरी में अपने भाई लालू यादव से अपनी पत्नी के नाम पर प्लॉट लिया था। प्लॉट की चारदीवारी करने के बाद उसे खाली छोड़ दिया था।
इस दौरान उससे लालू यादव 2 हजार ईंट उधार मांग कर ले गया था। आशुतोष का कहना है कि अब जब भी वह प्लॉट पर निर्माण कार्य कराने के लिए जाता है तो लालू उसके साथ गाली-गलौज कर मारपीट पर उतारू हो जाता है उसके द्वारा ली गई ईंटें भी वह वापस नहीं कर रहा है। थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच पड़ताल की जा रही है। Noida News