
Noida News / ग्रेटर नोएडा चेतना मंच। थाना सूरजपुर पुलिस ने अवैध खनन करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मिट्टी से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली को भी सीज कर दिया है।
थाना प्रभारी अवधेश प्रताप सिंह ने बताया कि पुलिस ने मुखबिर की सूचना के आधार पर ग्राम खोदना कला के पास से ट्रैक्टर चालक पिंटू पुत्र देवेंद्र को हिरासत में लिया। पिंटू के ट्रैक्टर ट्रॉली में मिट्टी भरी हुई थी। पूछताछ के दौरान आरोपी किसी सक्षम अधिकारी की अनुमति नहीं दिखा पाया।
इसके पश्चात आरोपी के खिलाफ अवैध खनन का मुकदमा दर्ज किया गया और मिट्टी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को सीज कर दिया गया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अवैध रूप से खेतों से मिट्टी खनन कर उसे ऊंचे दामों पर बेच रहा है।
आपको बता दें कि अवैध खनन करने वाले माफियाओं के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कमिश्नरेट पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। अलग-अलग थाना क्षेत्र में पुलिस द्वारा कई लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।