
Noida News / ग्रेटर नोएडा। नोएडा कमिश्नरी की पुलिस पर हमला करके फरार हुए तीन शातिर अपराधियों को पुलिस ने एक मुठभेड़ के दौरान दबोचा है। इनमें से दो बदमाशों के पैरों में पुलिस की गोली लगने से दोनों लंगडे हो गए।
आपको बता दें कि कुछ अर्सा पूर्व सुंदर भाटी गिरोह के तीन बदमाशों ने दनकौर पुलिस पर हमला किया था। हमला करके तीनों बदमाश फरार हो गए थे। शनिवार की देर रात नोएडा कमिश्नरी पुलिस की स्वाट टीम ने तीनों बदमाशों को घेर लिया। पुलिस व बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में दो बदमाशों के पैरों में गोली लगी और वे लंगड़े हो गए। उनके तीसरे साथी को पुलिस ने दबोच लिया। तीनों ही बदमाश संगठित अपराधी गिरेाह के माफिया सुंदर भाटी गिरोह के सक्रिय सदस्य हैं।
नोएडा पुलिस कमिश्नरी के मीडिया सेल ने चेतना मंच को बताया कि शनिवार की देर रात थाना दनकौर से स्वाट टीम को सूचना मिली कि कुख्यात सुंदर भाटी गैंग के कुछ सक्रिय सदस्य किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने जा रहे हैं। इस सूचना पर स्वाट टीम पूरी तरह से सक्रिय हो गई और थाना ईकोटेक प्रथम की पुलिस को साथ लेकर चेकिंग अभियान शुरू कर दिया। गौतमबुद्ध यूनिवर्सिटी चौराहे पर चेकिंग के दौरान रोका गया और पूछताछ की तो बदमाशों ने पुलिस हथियार तान दिए। पुलिस और बदमाशों के बीच हुई गोलीबारी के बाद सुंदर भाटी गैंग के तीन सदस्य बृजेश कुमार उर्फ बिल्लू फौजी पुत्र मांगेराम निवासी बी-120 ईस्ट विनोद नगर गली नंबर 7 थाना कल्याणपुरी दिल्ली तथा सतेन्द्र उर्फ सत्ते पुत्र बदले निवासी ग्राम घंघौला थाना कासना गौतमबुद्धनगर घायल हो गए।
इनके तीसरे साथी अभियुक्त प्रिंस खारी उर्फ पिन्टू पुत्र गज्जूराम निवासी इलाहाबास थाना फेस-2 नोएडा गौतमबुद्धनगर को भी गिरफ्तार कर लिया गया। घायल दोनों बदमाशों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बताया जाता है कि बदमाश पूर्व में थाना दनकौर पुलिस पर फायरिंग कर मौके से फरार हो गये थे। अभियुक्तों के कब्जे से एक कार इनोवा नंबर एचआर 51 बीजेड 9119, एक पिस्टल 32 बोर, एक तमंचा 315 और कुछ कारतूस बरामद हुए हैं। Noida News