
Noida News: ग्रेटर नोएडा (चेतना मंच)। नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस वे पर बीती रात्रि सेक्टर 142 के पास अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। उपचार के लिए उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी मौत हो गई। पुलिस एक्सप्रेस-वे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाल कर दुर्घटना के आरोपी वाहन की तलाश में जुटी है।
थाना सेक्टर-142 प्रभारी उत्तम कुमार ने बताया कि बीती रात्रि करीब 1:30 पुलिस को सूचना मिली कि सेक्टर 142 मेट्रो स्टेशन के सामने नोएडा से ग्रेटर नोएडा जाने वाले एक्सप्रेस वे पर अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हालत में पड़े हुए हैं।
सूचना के आधार पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए फेलिक्स अस्पताल में भर्ती कराया। उपचार के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया। मृतकों की शिनाख्त गौतमपुरी दिल्ली निवासी 37 वर्षीय राकेश पुत्र लीला सिंह तथा संगम विहार दिल्ली निवासी विवेकानंद पुत्र गिरीश चंद्र के रूप में हुई।
थाना प्रभारी ने बताया कि मृतकों में एक डीटीसी बस में प्राइवेट मार्शल तथा दूसरा कंडक्टर था। हादसे की सूचना पाकर दोनों के परिजन भी देर रात अस्पताल पहुंच गए। शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। थाना प्रभारी ने बताया कि एक्सप्रेस वे पर घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला जा रहा है।