अब ग्रेटर नोएडा की आपराधिक घटनाएं पढ़ सकेंगे एक साथ, देख लें यहां
Greater Noida News
ग्रेटर नोएडा
RP Raghuvanshi
30 Nov 2025 12:37 PM
ग्रेटर नोएडा
RP Raghuvanshi
30 Nov 2025 12:37 PM
Greater Noida News : आज हमने कुछ नया करने का सोचा है दरअसल नोएडा-ग्रेटर नोएडा से कई आपराधिक घटनाएं सामने आ जाती हैं। ऐसे में हमने सोचा कि आज से नोएडा-ग्रेटर नोएडा की क्राइम से जुड़ी सभी खबरों को आप एक साथ पढ़ सकें। ग्रेटर नोएडा से जुड़ी सभी अपराधिक घटनाएं एक-एक करके नीचे दी गई हैं।
ग्रेटर नोएडा के थाना दादरी में तीन लोगों के खिलाफ मारपीट के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया गया है। आरोपियों ने युवक को शादी में अपने घर बुलाकर मारपीट की। युवक को बचाने जब उसका भाई मौके पर पहुंचा तो आरोपियों ने उसे भी मारपीट कर घायल कर दिया।
बंबावड़ गांव निवासी ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि, कुड़ी खेड़ा गांव निवासी ने 20 जनवरी को उसके भाई को अपने घर शादी में बुलाया था। देर रात हनी प्रशांत व अतुल ने उसके भाई के साथ मारपीट की। इस बात की जानकारी मिलने पर जब उसका छोटा भाई उसे बचाने के लिए पहुंचा तो आरोपियों ने उसे भी मारपीट कर घायल कर दिया। मारपीट के दौरान आरोपी गाली गलौज कर रहे थे। घायल करने के बाद आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी। पीडि़त की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
सीएनजी पंप पर हमला
थाना दादरी में जीटी रोड पर स्थित सीएनजी पंप पर कार सवार युवकों ने खुले पैसों के विवाद में कर्मचारी के साथ लाठी डंडों से मारपीट की। मारपीट के दौरान आरोपियों ने सीएनजी पंप के ऑफिस में भी तोड़फोड़ की। इस संबंध में अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। दादरी जीटी रोड पर स्थित सिंह आईजीएल सीएनजी पंप के मैनेजर रतन सिंह ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि, 20 जनवरी की रात को टेंपरेरी नंबर लगी एक वैगनआर कार पंप पर पहुंची। कार में तीन चार युवक सवार थे।
सीएनजी भरवाने के बाद खुले पैसों को लेकर इनका पंपकर्मी मोनू से वाद विवाद हो गया। वाद विवाद के दौरान कार सवार युवकों ने लाठी डंडों से मोनू के साथ मारपीट शुरू कर दी। युवकों की पिटाई से बचने के लिए मोनू सीएनजी पंप के ऑफिस में घुस गया। आरोपी युवक उसके पीछे-पीछे ऑफिस में घुस आए और जमकर तोड़फोड़ की। मारपीट के बाद आरोपी गाली गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देकर चले गए फरार हो गए। घायल को उपचार के लिए दादरी के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस का कहना है कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। CNG पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरा की फुटेज व कार के टेंपरेरी नंबर के आधार पर हमलावर युवकों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है।
प्लॉट पर चारदीवारी तोड़ी
थाना कासना में एक व्यक्ति ने अपने प्लॉट की चार दिवारी तोड़ने के आरोप में तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पीड़ित का कहना है कि आरोपी जबरन उसकी जमीन पर कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं। सिरसा गांव निवासी जोगेंद्र सिंह ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि उसका ग्राम लडपुरा में 376 वर्ग गज का एक प्लॉट है। उसने इस प्लॉट की चारदीवारी कर कमरा बनाया हुआ है। बीते 4 अगस्त को मानसिंह, प्रदीप व चार-पांच अज्ञात लड़के उसके प्लॉट पर पहुंचे और जेसीबी से चार दिवारी को तोड़ना शुरू कर दिया। इस दौरान किसी व्यक्ति ने उसे फोन कर इस बात की जानकारी दी।
हरिद्वार में होने के कारण उसने इस बात की जानकारी अपनी पत्नी व पिता को दी। उसकी पत्नी, पिता वह बेटा मौके पर पहुंचे तो वहां पर प्रदीप मानसिंह व अन्य लोग जेसीबी से चार दिवारी तोड़ते हुए मिले। उन्होंने जब इस बात का विरोध किया तो आरोपियों ने उसकी पत्नी के साथ अभद्र व्यवहार कर अश्लील हरकत की। आरोपियों ने उसके वृद्ध पिता को भी धक्का देकर नीचे गिरा दिया। किसी तरह उसकी पत्नी, बेटा व पिता वहां से जान बचाकर भागे और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जेसीबी को रुकवा दिया।
पीड़ित का आरोप है कि प्रदीप, मानसिंह का प्लॉट उसके प्लॉट के बराबर में है। आरोपी उसके बाउंड्री वॉल को तोड़कर उसके प्लॉट की जमीन को अपने प्लॉट में मिलाने का प्रयास कर रहे हैं। इस मामले में न्यायालय में भी केस चल रहा है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
प्राधिकरण की अधिसूचित जमीन पर किया था कब्जा
ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण की अधिसूचित जमीन पर कब्जा कर अवैध प्लाटिंग करने के आरोप में चार महिलाओं सहित 12 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सहायक प्रबंधक ने यह मुकदमा दर्ज कराया है। सर्किल 8 के सहायक प्रबंधक ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि ग्राम सलेमपुर गुर्जर में प्राधिकरण की अधिसूचित भूमि है। इस भूमि पर राजेंद्र सिंह, श्रीमती ममता, श्रीमती सरिता देवी, प्रताप सिंह, रामपाल सिंह, सतपाल सिंह, सुनील कुमार सतीश कुमार भाटी, संता सिंह, जय सिंह, श्रीमती सरस्वती, श्रीमती राजकुमारी ने अवैध रूप से कब्जा किया हुआ है।
आरोपी प्राधिकरण की अधिसूचित भूमि पर अवैध प्लाटिंग कर भवन निर्माण करा रहे हैं। पूर्व में प्राधिकरण के स्टाफ द्वारा कई बार निर्माण कार्य को रुकवाया गया लेकिन आरोपी देर सबेर यहां निर्माण कार्य करा रहे हैं। इस मामले में कई बार आरोपियों को चेतावनी भी दी गई लेकिन वह निर्माण कार्य कराने से नहीं रुक रहे हैं। इसके अलावा प्राधिकरण की अधिसूचित क्षेत्र की भूमि पर आरोपी प्लाटिंग भी कर रहे हैं। पुलिस ने सहायक प्रबंधक की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है।
घर में घुसकर जानलेवा हमला
थाना दनकौर में 6 लोगों के खिलाफ घर में घुसकर जानलेवा हमला करने के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया गया है। ग्राम धनोरी खुर्द निवासी सुरेंद्र कुमार ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि उसके भतीजे विकास, रोहित व ललित बाजार से सामान लेने जा रहे थे। इस दौरान गांव के लड़कों ने उनके साथ मारपीट कर जाति सूचक शब्दों का प्रयोग किया। मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह बीच बचाव कर उसके भतीजो को आरोपियों के चंगुल से छुड़ाया।
इस घटना के बाद विशाल, प्रशांत, विनीत, विकास, पुनीत, विकास आदि ने उसके घर पर हमला बोल दिया। इस दौरान आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की नीयत से अवैध असलाह से तीन फायर किए और रोहित के सिर में कट्टे की बट मारकर उसे घायल कर दिया। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी पुलिस में शिकायत दर्ज कराने पर जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। पुलिस का कहना है कि पीड़ित की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। Greater Noida News