ग्रेटर नोएडा के सिटी पार्क में ’पुष्पोत्सव 2024’ का आगाज
Greater Noida
दिल्ली
RP Raghuvanshi
29 Nov 2025 09:56 PM
Greater Noida News : उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में ’पुष्पोत्सव 2024’ का शुक्रवार (08 मार्च) को आगाज हो गया है। ग्रेटर नोएडा के दादरी के विधायक तेजपाल नागर ने ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की एसीईओ अन्नपूर्णा गर्ग और फ्लोरीकल्चर सोसाइटी की टीम की मौजूदगी में पुष्प प्रदर्शनी का शुभारंभ किया।
शहर की सुंदरता हरियाली से हैं - विधायक तेजपाल नागर
इस अवसर पर विधायक ने कहा कि किसी भी शहर की सुंदरता वहां की हरियाली, पार्कों की स्थिति व फूल-पौधों से होती है। इस मामले में ग्रेटर नोएडा एनसीआर के सभी शहरों में सबसे आगे है। विधायक ने ग्रेटर नोएडा को हरा-भरा शहर बनाए रखने के लिए प्राधिकरण की सराहना भी की। वहीं एसीईओ अन्नपूर्णा गर्ग ने कहा कि पुष्प हमारे आने वाली पीढ़ी के भविष्य को संजोने का संदेश देते हैं। प्राधिकरण व फ्लोरीकल्चर सोसायटी की तरफ से ग्रेटर नोएडा के दादरी विधायक को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित भी किया गया।
Greater Noida News
10 मार्च तक चलेगी पुष्प प्रदर्शनी
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार के निर्देश पर आयोजित हो रही यह पुष्प प्रदर्शनी 10 मार्च तक चलेगी। इसमें फूलों की सैकड़ो प्रजातियां देखने को मिल रहीं हैं। पहला दिन होने के बावजूद बड़ी संख्या में लोग पुष्प उत्सव का आनंद लेने पहुंचे। इस बार डहेलिया को थीम पुष्प बनाया गया है। पुष्प प्रदर्शनी में फूलों की खेेती, विशेषज्ञों से तैयार पुष्प डिजाइन, लैंड स्केपिंग, गमलों एवं स्पाॅट गार्डन की सजावट आदि देखने लायक है। तीनों दिन तक लाइव गीत-संगीत और नृत्य-कला के कार्यक्रम हो रहे हैं। स्कूली छात्रों और आम नागरिकों के लिए कई तरह की प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया है। मेहंदी व रंगोली प्रतियोगिताएं भी हो रही है।
विजेताओं को किया जाएगा पुरस्कृत
ग्रेटर नोएडा में आयोजित ’पुष्पोत्सव 2024’ के अंतिम दिन 10 मार्च को विभिन्न प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कृत भी किया जाएगा। कार्यक्रम के शुभारंभ के मौके पर प्राधिकरण की ओएसडी इंदु प्रकाश सिंह, उद्यान विभाग के सहायक निदेशक नथोली सिंह वरिष्ठ प्रबंधक विनोद शर्मा, सहायक प्रबंधक गौरव बघेल आदि अधिकारी गण व शहर के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।