दिवाली के अवसर पर प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना की लाभार्थी महिलाओं को सरकार ने बड़ी सौगात दी है। उत्तर प्रदेश के 1.89 करोड़ परिवारों को गैस सिलेंडर रिफिल सब्सिडी का लाभ मिलेगा। गौतमबुद्धनगर की 94,174 महिलाओं को प्रति सिलेंडर 639.50 रुपये की सब्सिडी दी जाएगी।

Greater Noida News : दीपावली के अवसर पर प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को सरकार ने बड़ी राहत दी है। उत्तर प्रदेश के 1.89 करोड़ लाभार्थी परिवारों को गैस सिलेंडर रिफिल सब्सिडी का लाभ दिया जा रहा है। इसके लिए प्रदेश सरकार की ओर से 1,500 करोड़ रुपये की धनराशि उपलब्ध कराई गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में लखनऊ के लोक भवन में आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम का गौतमबुद्धनगर कलेक्ट्रेट परिसर में भी सजीव प्रसारण किया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत प्रशासक अमित कुमार ने प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना की लाभार्थी महिलाओं को गैस सिलेंडर रिफिल सब्सिडी के प्रतीकात्मक चेक वितरित किए। कार्यक्रम में जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व, जिला पूर्ति अधिकारी सहित अन्य अधिकारी और योजना की लाभार्थी महिलाएं मौजूद रहीं।
यह भी पढ़ें : ग्रेटर नोएडा वेस्ट के गौड़ चौक अंडरपास को कल से खोला जाएगा, तीन दिन तक चलेगा ट्रायल
जिला पूर्ति अधिकारी निलेश उत्पल ने बताया कि जनपद गौतमबुद्धनगर की 94,174 लाभार्थी महिलाओं को प्रति लाभार्थी 639.50 रुपये की सब्सिडी के प्रतीकात्मक चेक वितरित किए गए हैं। उन्होंने बताया कि 14.2 किलोग्राम के घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत 939.50 रुपये है। इसमें राज्य सरकार की ओर से 639.50 रुपये और केंद्र सरकार की ओर से 300 रुपये की सब्सिडी प्रदान की जाएगी।
इसे भी पढ़ें : दिवाली पर ग्रेटर नोएडा के औद्योगिक क्षेत्रों में बढ़ेगी पुलिस गश्त
जिला पूर्ति अधिकारी के अनुसार, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत पात्र लाभार्थियों को दो चरणों में गैस सिलेंडर रिफिल का लाभ दिया जाएगा। पहला चरण अक्टूबर 2026 से दिसंबर 2026 तक और दूसरा चरण जनवरी 2027 से मार्च 2027 तक निर्धारित किया गया है। इस व्यवस्था का उद्देश्य पात्र परिवारों को रसोई गैस रिफिल कराने में आर्थिक राहत उपलब्ध कराना है।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अमित कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना ने माताओं और बहनों को स्वच्छ ईंधन उपलब्ध कराकर उनके जीवन को अधिक सुविधाजनक बनाया है। इससे महिलाओं को स्वास्थ्य और सम्मान के लिहाज से भी लाभ मिला है। दीपावली के अवसर पर गैस सिलेंडर रिफिल सब्सिडी परिवारों को आर्थिक राहत देने की दिशा में सरकार की जनकल्याणकारी प्रतिबद्धता को दर्शाती है। कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी भालचंद्र त्रिपाठी, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अजीत कुमार, जिला पूर्ति अधिकारी निलेश उत्पल, क्षेत्रीय पूर्ति अधिकारी स्मृति गौतम, आपूर्ति विभाग के निरीक्षक और अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
विज्ञापन