
गाजियाबाद कमिश्नरेट पुलिस के मुताबिक आज क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना क्षेत्र के एनएन-9 पर विजयनगर के पास नीलम धर्मकांटे के सामने अमरोहा से बच्चों को लेकर आ रही एक अर्टिगा कार डम्फर में जा घुसी। अर्टिगा कार में अमरोहा में रहने वाले 11 बच्चे सवार थे बच्चे राजीव गांधी मेमोरियल पब्लिक स्कूल अमरोहा से दिल्ली के जामिया में पेपर देने जा रहे थे। इन बच्चों की उम्र 10 से 13 वर्ष बताई जा रही है। दुर्घटना इतना भयानक थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कार को काटकर उसमें फंसे बच्चों व ड्राईवर को बाहर निकाला और उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। इस हादसे में अर्टिगा कार के ड्राईवर आशिक अली निवासी काला सराय जनपद अमरोहा तथा छात्र अनस की उपचार के दौरान मौत हो गयी। घायल बच्चों को शांति गोपाल हॉस्पिटल, एसजेएम हॉस्पिटल तथा मणिपाल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल में भर्ती कुछ बच्चों की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे की वजह का पता नहीं लग पाया है।