
Ghaziabad News: मुरादनगर में आज दिनदहाड़े बेखौफ अज्ञात बदमाशों ने मोबाइल शोरूम में बैठे मालिक की तीन गोलियां मारकर हत्या कर दी। हत्या की इस सनसनीखेज वारदात के बाद इलाके में दहशत फैल गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल पहुंचाया, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों का आरोप है कि मुरादनगर में अपराधिक वारदातें लगातार बढ़ रही है। हर दूसरे दिन यहां हत्याएं हो रही हैं। मृतक कारोबारी भाजपा नेता भी हैं।
थाना मुरादनगर के रेलवे रोड पर गोयल टेलीकॉम्युनिकेशन के मालिक मुकेश गोयल (45 वर्षीय) आज सुबह नौ बजे अपने शोरुम पर बैठे हुए थे। तभी बाइक पर सवार दो बदमाश वहां आए, जिन्होंने अपना चेहरा ढक रखा था। बदमाशों ने शोरुम में घुसते ही मुकेश पर फायरिंग शुरू कर दी। गोली लगने से मुकेश गोयल गंभीर रुप से घायल हो गए। हत्या की वारदात को अंजाम देकर बदमाश मौके से फरार हो गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल कारोबारी को यशोदा अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटनास्थल पर पहुंचे डीसीपी रवि कुमार ने बताया कि हत्यारों की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमों का गठन किया गया है। जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
वहीं, घटनास्थल पर पहुंचे मृतक के परिजनों का आरोप है हत्यारों के बारे में सभी को पता है। मुरादनगर में हर दूसरे दिन बड़ी अपराधिक घटनाएं हो रही हैं। इस हत्याकांड के बाद से व्यापारियों में भी आक्रोश है और वह अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित है।