
Himachal Election Voting update: हिमाचल प्रदेश की 68 विधानसभा सीटों पर आज सुबह 8 बजे से मतदान जारी है। कड़ाके की ठंड के बावजूद लोग बड़ी संख्या में वोट डालने पहुंच रहे हैं। दोपहर 1 बजे तक 37.19 फीसद मतदान हो गया है। प्रदेश में धूप खिलते ही लोग मतदान के लिए पोलिंग स्टेशन पहुंचने लगे हैं।
आपको बता दें कि हिमाचल की कुल 68 विधानसभा सीटों पर इस बार 412 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। इस बार इन सीटों पर कुल 55 लाख 92 हजार 882 वोटर मतदान करेंगे। चुनाव आयोग के मुताबिक हिमाचल में 28,54,945 पुरुष और 27,37,845 महिला और 38 थर्ड जेंडर मतदाता वोट डालेंगे। इसके साथ ही राज्य में 67,559 सर्विस वोटर, 56,501 दिव्यांग और 22 एनआरआइ वोटर भी हैं।
हिमाचल प्रदेश में एक चरण में ही चुनाव हो रहा है और वोटों की गिनती 8 दिसंबर को होगी। राज्य में आज मतदान की प्रक्रिया सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगी। इस बार हिमाचल प्रदेश में लिए 7,881 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। बता दें कि हिमाचल प्रदेश में इस बार भाजपा और कांग्रेस के अलावा आम आदमी पार्टी भी मैदान में है। तीनों पार्टियों ने प्रदेश की सभी सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं। वर्तमान में हिमाचल में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में भाजपा की सरकार है।
हिमाचल में मतदाताओं का खास ख्याल रखा जा रहा है। लोगों की सुविधा के लिए किन्नौर के कुछ मतदान केंद्रों पर बच्चों के साथ आने वाले मतदाताओं के लिए क्रेच सुविधा प्रदान की गई। जब तक माता पिता मतदान करेंगे तक तक बच्चा मतदान केन्द्र के बाहर क्रेच में सुरक्षित रहेगा।
हिमाचल के मण्डी में दोपहर 1 बजे तक 43 प्रतिशत मतदान हुआ है। राज्य के बिलासपुर में अब तक 34.57 फीसद मतदान दर्ज किया गया है।