Karnataka elections: नड्डा दिखाएंगे भाजपा की ‘विजय संकल्प यात्रा’ को हरी झंडी
Karnataka elections
भारत
RP Raghuvanshi
01 Dec 2025 08:04 PM
Karnataka elections: बेंगलुरु। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जे पी नड्डा शनिवार को चुनावी राज्य कर्नाटक में पार्टी की नौ दिवसीय ‘विजय संकल्प यात्रा’ को हरी झंडी दिखाएंगे। यह यात्रा विजयपुरा से शुरू होगी और पूरे राज्य से होकर गुजरेगी।
Karnataka elections
राज्य विधानसभा के चुनाव में अब चूंकि लगभग चार महीने ही बचे हैं, लिहाजा भाजपा ने अपने प्रचार अभियान में पूरी ताकत झोंक दी है। यह अभियान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की यादगिर और कलबुर्गी की यात्रा के दो दिन बाद शुरू हो रहा है। प्रधानमंत्री ने उत्तर कर्नाटक के इन जिलों में करोड़ों रुपये की सिंचाई, पेयजल और राजमार्ग परियोजनाओं की शुरुआत की और घुमंतू जनजाति लंबानी को हक्कू पत्र (भूमि के स्वामित्व का हक) का वितरण किया।
प्रदेश भाजपा मीडिया प्रकोष्ठ के प्रभारी करुणाकर खासले ने एक बयान में कहा कि नड्डा शनिवार सुबह एक विशेष विमान से कलबुर्गी पहुंचेंगे। इसके बाद, वह विजयपुरा में ज्ञान योगाश्रम जाएंगे और श्री सिद्धेश्वर महास्वामीजी को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे, जिनका हाल ही में निधन हो गया था। इसके बाद, भाजपा अध्यक्ष विजय संकल्प यात्रा को हरी झंडी दिखाने के लिए नागाथाना विधानसभा क्षेत्र जाएंगे, जो 29 जनवरी तक जारी रहेगी।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, यात्रा के दौरान घर-घर दस्तक और भाजपा सदस्यता अभियान चलाए जाने के साथ ही बूथ स्तर पर पार्टी का आधार मजबूत करने पर जोर रहेगा। अगले नौ दिनों के लिए आयोजित इस राज्यव्यापी यात्रा के दौरान भाजपा ने एक करोड़ से अधिक नए लोगों को पार्टी से जोड़ने का लक्ष्य तय किया है।
भाजपा के प्रदेश महासचिव और विधानपरिषद के पूर्व सदस्य सिद्दराजू ने कहा, हमारी पार्टी के 224 निर्वाचन क्षेत्रों के 312 मंडलों में 39 संगठनात्मक चुनावी जिले हैं। कर्नाटक में 58,186 बूथ हैं। यह विजय संकल्प यात्रा पूरे राज्य में एक समय में शुरू की जाएगी।
उन्होंने कहा कि भाजपा के अभियान में केंद्र में पांच कार्यक्रम हैं, जिनमें घर-घर दस्तक अभियान के तहत दो करोड़ लोगों तक पहुंचना, घर-मालिकों की अनुमति से दीवारों पर चित्र उकेरना, डिजिटल वॉल पेंटिंग बनाना, सदस्यता अभियान और लाभार्थियों के साथ बातचीत करना शामिल है। सिद्दराजू ने बताया कि परिवार के सदस्यों को पार्टी के समर्पित फोन नंबर पर मिस्ड कॉल देकर भाजपा का सदस्य बनने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अधिकांश स्थानों पर, पार्टी विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों के साथ संवाद का आयोजन भी करेगी।