
Lucknow news। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में होने वाली ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट और जी-20 समिट को देखते हुए प्रदेश सरकार ने सीएमओ के अधीन डॉक्टर और सभी स्टाफ की छुट्टी 16 फरवरी तक निरस्त कर दी है।
उत्तर प्रदेश में 16 फरवरी तक कोई भी डॉक्टर या स्वास्थ्य कर्मी अब छुट्टी नहीं ले सकेगा। केवल विशेष परिस्थितियों में ही अफसरों की अनुमति के बाद कोई छुट्टी मिल पाएगी। इन्वेस्टर्स समिट और जी-20 के कार्यक्रम को लेकर प्रदेश सरकार पूरी तरह से मुस्तैद है और इसमें कोई कोर कसर नहीं छोड़ना चाहती।
मेहमानों की सेहत का जिम्मा प्रदेश के डॉक्टरों के ऊपर रहेगा, जिसके लिए 200 डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों की टीम बनाई गई है जो इन मेहमानों के सेहत का जिम्मा उठाएगी और किसी भी आपात स्थिति के लिए मुस्तैद रहेगी।
मेहमानों की चिकित्सा व्यवस्था के लिए कई जिलों से डॉक्टर व स्टाफ की टीम बुलाई गई है, इनमें 90 डॉक्टर और 90 पैरामेडिकल स्टाफ की ड्यूटी लगाई गई है, बाकी लोगों को रिजर्व में रखा गया है, साथ ही कार्यक्रम स्थल पर ही 2 अस्थाई अस्पताल भी बनाए गए हैं और साथ ही राजधानी के सभी अस्पतालों को भी अलर्ट पर रखा गया है।
सरकार इस समिट को लेकर बेहद गंभीर है और किसी भी इंतजाम में कोई कमी नहीं छोड़ना चाहती।