
MP News : गुना। मध्य प्रदेश के गुना में 22 वर्षीय एक युवक ने 12वीं कक्षा में पढ़ने वाली एक छात्रा को गोली मारकर घायल कर दिया। इस घटना के कुछ देर बाद आरोपी युवक का शव रेलवे पटरी के नजदीक मिला। पुलिस ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 17-वर्षीया लड़की को अस्पताल में भर्ती किया गया है।
पुलिस अधीक्षक (नगर) श्वेता गुप्ता ने बताया कि आरोपी युवक की पहचान राहुल कुशवाहा के तौर पर की गई है और उसके शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि कुशवाहा की मौत की वजह का पता नहीं चला है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से ही स्थिति स्पष्ट होगी।
प्राथमिक जांच के मुताबिक, कुशवाहा नजूल की जमीन पर बने स्कूल में अपराह्न चार बजे पहुंचा जहां पर छात्रों की फेयरवेल पार्टी चल रही थी। उसने लड़की को बाहर बुलाया और बात करने के लिए कहा, लेकिन जब लड़की ने इनकार कर दिया तो उसने देसी कट्टे से गोली चला दी। उन्होंने बताया कि युवक का निशाना चूक गया, परंतु गोली लड़की के हाथ में लगी।
पुलिस ने बताया कि उक्त घटना के घंटों बाद कुशवाहा का शव गुना जिला मुख्यालय से करीब आठ किलोमीटर दूर महुगढ़ रेलवे स्टेशन के करीब पटरी के पास मिला।