National Handloom Day : आज राष्ट्रीय हथकरघा दिवस है। हर साल 7 अगस्त का दिन राष्ट्रीय हथकरघा दिवस के रूप में मनाया जाता है। यह खास दिन मुख्य रूप से भारतीय संस्कृति और धरोहर को समर्पित है, जिसमें हथकरघा बुनकरों का महत्वपूर्ण योगदान होता है। आज राष्ट्रीय हथकरघा दिवस के खास मौके पर आइए जानते हैं, क्या है इस दिन का इतिहास, महत्व और इस दिन से जुड़ी और भी बहुत सी महत्वपूर्ण बातें -
राष्ट्रीय हथकरघा दिवस का इतिहास -
राष्ट्रीय हथकरघा दिवस मनाने की शुरुआत साल 2015 में हुई थी। इस दिन को मनाने के लिए 7 अगस्त का दिन इसलिए चुना गया, क्योंकि 7 अगस्त 1905 को ही महात्मा गांधी द्वारा स्वदेशी आंदोलन की शुरुआत की गई थी, जिसका मुख्य उद्देश्य भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के दौरान देशवासियों द्वारा स्थानीय बनाए हुए हथकरघा उत्पादों का प्रचार प्रसार करना, और विदेशी उत्पादों का बहिष्कार करने के लिए लोगों को प्रोत्साहित करना था। स्वदेशी आंदोलन भारत के स्वतंत्रता संग्राम का एक महत्वपूर्ण अभियान था। इस आंदोलन की मदद से ही स्थानीय उत्पादित हथकरघा कपड़ों को समर्थन और प्रोत्साहन मिला जिससे देश के टेक्सटाइल उद्योग को समर्थन मिला और स्थानीय कारीगर अधिक शक्तिशाली बने।
हथकरघा उद्योग को सांस्कृतिक विरासत का हिस्सा मानते हुए और इसके कारीगरों को भारत के सांस्कृतिक विरासत में अभूतपूर्ण योगदान देने के लिए, उन्हें सम्मानित करने हेतु 7 अगस्त का दिन राष्ट्रीय हथकरघा दिवस (National Handloom Day) के रूप में मनाया जाने लगा।
राष्ट्रीय हथकरघा दिवस का महत्व -
हथकरघा भारत की संस्कृति और धरोहर का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। हथकरघा उत्पादन और परंपरा की महत्वता को समझते हुए, हथकरघा कारीगरों को अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने के लिए उत्साहित करने हेतु राष्ट्रीय हथकरघा दिवस मनाया जाता है।
इस खास दिन के मौके पर जगह-जगह हथकरघा बुनकरी द्वारा तैयार किए गए उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई जाती है, जिसके माध्यम से हथकरघा बुनकारी से जुड़े कारीगरों को अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने का मौका मिलता है।
National Handloom Day 2023 Theme:
राष्ट्रीय हथकरघा दिवस मनाने के लिए प्रतिवर्ष एक थीम निर्धारित की जाती है। साल 2023 के लिए राष्ट्रीय हथकरघा दिवस की थीम अभी अनाउंस नहीं की गई है। साल 2022 में विश्व हथकरघा दिवस की थीम थी 'हथकरघा, एक भारतीय विरासत ' (Handloom, an Indian Legancy).
राष्ट्रीय हथकरघा दिवस से जुड़ी कुछ खास बातें -
हथकरघा दिवस समारोह का हिस्सा बनेंगे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी -
आज राष्ट्रीय हथकरघा दिवस के मौके पर दिल्ली के प्रगति मैदान में हथकरघा दिवस समारोह का आयोजन किया जाएगा, जिसमें हथकरघा के जरिए तैयार किए गए उत्पादों की भव्य प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इस समारोह में देशभर के बुनकर और शिल्पकार अपनी प्रतिभा और कौशल का प्रदर्शन करने के लिए प्रदर्शनी में हिस्सा लेंगे। इन बुनकर और शिल्प कारों की प्रतिभा को सम्मानित करने और इनकी हौसला अफजाई करने के लिए देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) भी प्रगति मैदान में होने वाले हथकरघा दिवस समारोह का हिस्सा बनेंगे।