National News : नगालैंड पहुंचे उपराष्ट्रपति धनखड़, करेंगे ‘हॉर्नबिल’ महोत्सव का उद्घाटन
Vice President Dhankhar arrives in Nagaland, will inaugurate 'Hornbill' festival
भारत
चेतना मंच
01 Dec 2025 06:40 AM
National News : कोहिमा। उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ नगालैंड के अपने पहले दो दिवसीय आधिकारिक दौरे पर बृहस्पतिवार को यहां पहुंचे। वह दोपहर बाद अपनी पत्नी सुदेश के साथ कोहिमा में असम राइफल्स के हेलीपैड पर उतरे। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। असम और नगालैंड के राज्यपाल जगदीश मुखी, मुख्यमंत्री एन. रियो, उपमुख्यमंत्री वाई. पैटन और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने उनकी अगवानी की।
रियो ने हेलीपैड पर धनखड़ की अगवानी करने के बाद ट्वीट किया, ‘भारत के उपराष्ट्रपति श्री जगदीप धनखड़ जी का नगालैंड में स्वागत है। त्योहारों के त्योहार हार्नबिल महोत्सव मनाने की खुशी साझा करने के लिए आपके त्योहारों की भूमि नगालैंड आने पर हम सम्मानित महसूस कर रहे हैं। मेरी कामना है कि नगालैंड का आपका अनुभव यादगार हो।’
उपराष्ट्रपति यहां राजभवन में मुखी, रियो और उनके कैबिनेट सहयोगियों के साथ बंद कमरे में बैठकें करेंगे। अधिकारियों के अनुसार धनखड़ आज शाम चार बजे 10 दिवसीय ‘हॉर्नबिल’ महोत्सव का उद्घाटन करेंगे। वह रात्रि विश्राम कोहिमा में करेंगे और शुक्रवार को दिल्ली रवाना होने से पहले वह द्वितीय विश्व युद्ध से जुड़े कब्रिस्तान जाएंगे।