News Update : अब तक की सुर्खियां, वो खबरें जिन पर रहेंगी हमारी नजर
The headlines so far, the news on which we will keep an eye
भारत
चेतना मंच
02 Dec 2025 05:04 AM
राष्ट्रीय :
1. योगी आदित्यनाथ सरकार नए वर्ष पर प्रदेश के युवाओं को पुलिस पीएसी व फायर सर्विस में भर्ती का तोहफा देने जा रही है। जिसके तहत युवाओं को उप्र पुलिस का हिस्सा बनने के लिए नये वर्ष में एक और बड़ा अवसर मिलेगा। आरक्षी नागरिक पुलिस आरक्षी, पीएसी व फायरमैन के कुल 35,757 पदों पर भर्ती की तैयारी है। इन पदों का अधियाचन भर्ती बोर्ड को प्राप्त हो गया है। सूत्रों का कहना है कि इनमें लगभग 32 हजार पद नागरिक पुलिस के होंगे। वहीं, अगले वर्ष उपनिरीक्षक के लगभग तीन हजार पदों पर भी भर्ती की तैयारी है।
News Update :
2. मोस्ट वांटेड आतंकवादी और 2021 लुधियाना कोर्ट बम ब्लास्ट मामले का मुख्य साजिशकर्ता दिल्ली एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया गया है। यह जानकारी एनआईए ने दी है। राष्ट्रीय जांच एजेंसी ने एक दिसंबर को फरार आतंकवादी हरप्रीत सिंह को मलेशिया के कौला लुम्पुर से आने पर गिरफ्तार किया है। एनआईए ने बताया कि हरप्रीत, लखबीर सिंह रोडे का सहयोगी है, जो पाकिस्तान स्थित इंटरनेशल सिख यूथ फेडरेशन का प्रमुख है। हरप्रीत, लखबीर सिंह रोडे के साथ दिसंबर 2021 लुधियाना कोर्ट बिल्डिंग ब्लास्ट के साजिशकर्ताओं में से एक था। बता दें कि उस विस्फोट में एक की मौत और कई घायल हुए थे। एनआईए ने यह भी बताया कि हरप्रीत सिंह पर 10 लाख रुपये का इनाम घोषित किया था, जिसके खिलाफ विशेष एनआईए अदालत से गैर-जमानती वारंट जारी किया गया था और एक लुक आउट सर्कुलर जारी किया गया था। एनआईए ने कहा कि रोड के निर्देश पर काम करते हुए हरप्रीत ने विशेष रूप से निर्मित विस्फोटक डिलीवरी का समन्वय किया, जिसे पाकिस्तान से उसके भारत स्थित सहयोगियों को भेजा गया था, जिसका उपयोग लुधियाना कोर्ट कॉम्प्लेक्स विस्फोट में किया गया था।
3. मुंबई की एक सड़क पर कोरियाई महिला के साथ छेड़छाड़ व दुर्व्यवहार की घटना के बाद दक्षिण कोरिया ने अपने नागरिकों के लिए एडवाइजारी जारी की है। दक्षिण कोरियाई दूतावास ने भारत में अपने नागरिकों से सुरक्षा के मद्देनजर रात के वक्त बाहर न निकलने की अपील की है। कहा गया है कि भारतीय शहरों में रात में बाहर निकलना सुरक्षित नहीं है। दरअसल, हाल ही में मुंबई में दक्षिण कोरियाई महिला के साथ छेड़छाड़ की घटना सामने आई थी। रात करीब आठ बजे मुंबई के उपनगरीय खार इलाके में ‘लाइवस्ट्रीमिंग’ कर रही थी। इस दौरान एक युवक महिला के काफी करीब आया और उसने महिला का हाथ पकड़कर खींचने की कोशिश की। इसके बाद उसने महिला का पीछा भी किया। घटना वीडियो वायरल होने के बाद लोगों ने सोशल मीडिया पर महिला को परेशान करने वालों को गिरफ्तारी की मांग की। इसके बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया था। इस बीच विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने कहा कि दक्षिण कोरियाई दूतावास ने अभी तक हमसे संपर्क किया है या नहीं, इस बारे में जानकारी नहीं है। हालांकि, उन्होंने घटना के बारे में कहा कि स्थानीय प्रशासन द्वारा महिला को पर्याप्त सुरक्षा मुहैया कराई जा रही है। अगर विदेश मंत्रालय को इस मामले में हस्तक्षेप की जरूरत होगी, तो हम जरूर इसे देखेंगे।
राजनीति :
1. गुजरात में पहले चरण का विधानसभा चुनाव खत्म हो चुका है। सभी दल अब 5 दिसंबर को होने वाले दूसरे चरण के चुनाव की तैयारी में जुट गए हैं। भाजपा, कांग्रेस और आम आदमी पार्टी समेत तमाम दलों के नेताओं ने चुनाव प्रचार और तेज कर दिया है। उधर, पीएम मोदी भी लगातार गुजरात में रोड शो और जनसभाएं कर रहे हैं। मोदी आज यानी दो दिसंबर को भी चार जनसभाएं करने वाले हैं। पीएम मोदी ने बुधवार को 54 किमी लंबा रोड शो किया था। वहीं, अब मोदी आज चार जनसभाएं करने वाले हैं। मोदी आज कांकरेज, पाटन, सोजित्रा और अहमदाबाद में जनसभा करेंगे। मोदी की जनसभा दोपहर 12 बजे से शुरू होगी। मोदी के अलावा गृह मंत्री अमित शाह भी जनसभाएं और रोड-शो करेंगे। शाह सुबह साढ़े 10 बजे मेहसाणा के बेचारजी में जनसभा करेंगे। इसके बाद वह विजापुर में जनसभा करेंगे। शाम 5 बजे वडोदरा के अप्सरा सिनेमा से जुबली बाग तक रोड शो होगा। शाम साढ़े सात बजे अमित शाह गांधीनगर साउथ में जनसभा करेंगे।
अंतर्राष्ट्रीय :
1. जेम्स वेब स्पेस टेलीस्कोप ने विलय करने वाली आकाशगंगाओं की एक जोड़ी की तस्वीर खींची है, जिसे दो जेडडब्ल्यू 96 के रूप में भी जाना जाता है। आकाशगंगा विलय आकाशीय भूमध्य रेखा के करीब डेल्फिनस के तारामंडल में करीब 500 प्रकाश वर्ष की दूरी पर है। इस आकाशगंगा विलय के विलय के बाद दोनों के आकार में बदलाव आया है। दोनों आकाशगंगा विलय के बाद आपस में गुरुत्व के प्रभाव में मुड़ गई हैं। मालूम हो कि इस प्रकार स्टार बनाने वाले क्षेत्रों के कारण दो जेडडब्ल्यू 96 का पहला लक्ष्य था। जेम्स वेब स्पेस टेलीस्कोप द्वारा इसके आस-पास के चमकदार इन्फ्रारेड आकाशगंगाओं के विकास की जांच के लिए तस्वीर को कैप्चर किया गया था, जो वेब के संवेदनशील उपकरणों द्वारा अध्ययन के लिए पूरी तरह से अनुकूल है। मालूम हो कि इन्फ्रारेड आवृत्तियों में ये आकाशगंगाएं सूर्य की तुलना में लगभग 100 बिलियन गुना अधिक चमकीली हैं।
2. उत्तर कोरिया के नवीनतम और सबसे बड़े अंतरमहाद्वीपीय बैलिस्टिक मिसाइल परीक्षण के बाद अमेरिका ने इस हथियार कार्यक्रमों से जुड़े तीन वरिष्ठ अधिकारियों पर प्रतिबंध लगा दिया है। इस मिसाइल को प्योंगयांग ने पिछले माह परीक्षण किया था। अमेरिकी ट्रेजरी विभाग ने प्रतिबंध लगाए गए व्यक्तियों की पहचान जान इल हो, यू जिन और किम सु गिल के रूप में नामित किया है। इस सभी अधिकारियों को अप्रैल में यूरोपीय संध के द्वारा भी प्रतिबंधों के लिए नामित किया गया था। मालूम हो कि तीनों अधिकारियों पर नया प्रतिबंध उत्तर कोरिया द्वारा 18 नवंबर को आईसीबीएम परीक्षण के बाद लगाए गए हैं। यह मिसाइल इस साल के 60 से अधिक मिसाइलों के रिकार्ड-ब्रेकिंग स्पोट के रूप में लॉन्च किया गया था। अमेरिकी ट्रेजरी विभाग न अपने बयान में कहा कि जान इल हो उत्तर कोरिया के युद्ध सामग्री उद्योग विभाग के उप निदेशक, जबकि यू जिन इसके निदेशक के रूप में काम करते हैं। और इन दोनों ने उत्तर कोरिया में बड़े पैमाने पर विनाश वाले हथियारों के विकास में प्रमुख भूमिका निभाई है। बयान में कहा गया है कि एक अन्य किम सु गिल ने साल 2018 से लेकर 2021 तक कोरियन पीपुल्स आर्मी जनरल पालिटिकल ब्यूरो के निदेशक के रूप में अपनी सेवाएं दी है और डब्ल्यूएमडी कार्यक्रम से संबंधित निर्णयों के कार्यान्वयन की देखरेख भी की है। ट्रेजरी अंडर सेक्रेटरी फार टेररिज्म एंड फाइनेंशियल इंटेलिजेंस ब्रायन नेल्सन ने अपने बयान में कहा कि ट्रेजरी कोरिया और जापान के साथ घनिष्ठ त्रिपक्षीय समन्वय में उन अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई कर रहा है जिनकी डीपीआरके के अवैध डब्ल्यूएमडी और बैलिस्टिक मिसाइल कार्यक्रमों में सबसे बड़ी भूमिका रही है।
मौसम :
1. दक्षिण भारत के 5 राज्यों को छोड़कर पूरे देश में लगातार दूसरे साल कड़ाके की सर्दी पड़ने की आशंका नहीं है। भारतीय मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि अगले तीन महीने (दिसंबर से फरवरी 2023) में देश में औसत तापमान सामान्य रहेगा या उससे भी थोड़ा ज्यादा रह सकता है। यानी, पारा ज्यादा नहीं गिरेगा। पहाड़ी राज्यों जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और उत्तर के मैदानी राज्यों पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और बिहार में सर्दी ज्यादा नहीं सताएगी। इसी तरह मध्य, पश्चिम और पूर्वोत्तर राज्यों में अधिकतम व न्यूनतम तापमान सामान्य या सामान्य से अधिक बना रह सकता है। हालांकि, उत्तर भारत में कुछ स्थानों पर अगले तीन महीने में कभी-कभी एक या दो दिन तक तापमान ज्यादा गिरेगा, लेकिन जल्दी ही संभल भी जाएगा। इस वजह से इस साल ‘कोल्ड डे’ और ‘सीवियर कोल्ड डे’ की संख्या बीते वर्षों की तुलना में कम रहेगी। हालांकि, देश के दक्षिणी राज्यों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से कम रहने की आशंका है। दिसंबर में तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, और तेलंगाना में सामान्य से 31 फीसदी अधिक बारिश की आशंका है। इससे पारा गिरना तय है।
2. देश के लगभग सभी राज्यों में ठंड आ चुकी है। मौसम विभाग की मानें तो प्रायद्वीपीय भारत के कई हिस्सों और मध्य भारत के कुछ हिस्सों और उत्तर पश्चिम भारत के एक दो भागों में दिसंबर से फरवरी के बीच न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे रहने की संभावना है। वहीं, इस बीच दक्षिण के राज्यों में बारिश का सिलसिला जारी है। राजधानी की हवा बेहद खराब हो चुकी है। ऐसे में लोगों को स्वस्थ रखने के लिए ठोस कार्रवाई जरूरी है। ऐसे में जिला प्रशासन शहर में निर्माण कार्य और शहर में भारी वाहनों का प्रवेश रोक सकता है। निर्माण एजेंसियों को नियमित पानी का छिड़काव का निर्देश दिया जा सकता है। प्रदूषण बोर्ड के नियमों के अनुसार, जब भी किसी शहर की हवा में प्रदूषण की मात्रा 300 एक्यूआई से ऊपर जाती है तो वहां की हवा खराब मानी जाती है। राजधानी में वर्तमान में कई दिनों से प्रदूषण का स्तर इससे ऊपर ही रह रहा है।
कारोबार :
1. आज भारतीय रेलवे की ओर से कुल 243 ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है। इसमें 208 ट्रेनों को पूरी तरह से रद्द किया गया है, जबकि 35 ट्रेनों को आंशिक रूप से रद कर दिया गया है। रेलवे द्वारा इन ट्रेनों को रद करने के पीछे कोई स्पष्ट कारण नहीं दिया गया है, लेकिन माना जा रहा है कि परिचालन संबंधी कारणों के चलते ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है। इसके अलावा 16 रीशेड्यूल और 44 डायवर्ट किया गया है। रद्द, रीशेड्यूल और डायवर्ट की गई ट्रेनों में पंजाब, हिमाचल प्रदेश, झारखंड, पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश, गुजरात, उत्तराखंड, दिल्ली, पश्चिम बंगाल और अन्य राज्यों से चलने वाली गाड़ियां शामिल हैं।
खेल/खिलाड़ी :
1. फीफा विश्व कप में ग्रुप ई के मैच में जापान ने बड़ा उलटफेर करते हुए स्पेन को 2-1 से हरा दिया। इसके साथ ही जापान ने 20 साल बाद टूर्नामेंट के नॉक आउट में अपनी जगह पक्की की। प्री प्क्वार्टर फाइनल में उसका मुकाबला क्रोएशिया से होगा। वहीं, जापान के इस उलटफेर का खामियाजा चार बार की विश्व चौंपियन जर्मनी को भुगतना पड़ा। खिताब का दावेदार मानी जा रही जर्मन टीम को ग्रुप स्टेज से ही बाहर होना पड़ा। फीफा विश्व कप के 92 साल के इतिहास में पहली बार ऐसा हुआ कि जर्मनी बैक टू बैक टूर्नामेंट के प्रथम राउंड से ही बाहर हो गई। इससे पहले 2018 में खेले गए विश्व कप में भी जर्मनी पहले राउंड से बाहर हो गई। स्पेन ने शुरुआती बढ़त लेने के बाद भी पीछे रह गया। स्पेन के लिए शुरुआत में ही अल्वारो मोराटा ने हेडर के जरिये गोल कर स्पेन को 1-0 से जापान पर बढ़त दिला दी। फिर हाफ टाइम के बाद जापान ने वापसी की और लगातार 2 गोल कर स्पेन को 2-1 से हराया। जापान के लिए रित्सु डोन ने 48वां मिनट में गोल कर स्कोर को 1-1 की बारबरी की और उसके ठीक 3 मिनट बाद एओ तनाका ने गोल कर टीम को 2-1 से आगे कर दिया।
News Update :
2. वनडे विश्व कप 2023 से पहले टीम इंडिया 18 वनडे, 9 टी-20 और 8 टेस्ट मैच खेलेगी। इस दौरान भारत को पाकिस्तान में 50 ओवर का एशिया कप भी खेलना है। टीम इंडिया पिछले दिनों न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज हार गई। सीरीज के 2 मैच बारिश में धुल गए, लेकिन टीम की खराब गेंदबाजी एक बार फिर उजागर हो गई। गेंदबाजी के अलावा टीम इंडिया के सामने और भी कई चुनौतियां हैं।
3. अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले चुके भारत के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने सीएसके को अपनी कप्तानी में चार बार आईपीएल जिताया है। अब वह आईपीएल से भी संन्यास लेने की कगार पर खड़े हैं। ऐसे में धोनी के बाद सीएसके की कप्तानी कौन करेगा। इस को लेकर चर्चा का विषय बना गया है। हालांकि, सीएसके फ्रेंचाइजी की तरफ से कोई आधिकारिक घोषणा तो नहीं हुई है, लेकिन सीएसके के बैटिंग कोच माइक हसी को रुतुराज गायकवाड़ में धोनी के जैसी समानता दिखती है। द इंडियन एक्सप्रेस से बात करते हुए हसी ने कहा कि मुझे यकीन नहीं है कि सीएसके ने भविष्य की क्या योजना बनाई है, लेकिन धोनी की तरह रुतुराज बहुत शांत है। हसी ने आगे कहा, ‘जब धोनी की तरह दबाव को संभालने की बात आती है तो वह वास्तव में बहुत शांत रहता है और वह खेल को बहुत अच्छे से पढ़ता है। जैसा कि मैंने पहले कहा, वह बहुत समझदार है और मुझे लगता है कि लोग उनके स्वभाव, चरित्र और व्यक्तित्व के कारण उनकी ओर आकर्षित होते हैं। उसमें नेतृत्व के कुछ बेहतरीन गुण हैं।’ गौरतलब हो कि सीएसके ने आईपीएल के पिछले सीजन में रवींद्र जडेजा को कप्तान बनाया था। हालांकि बीच सीजन में ही जडेजा ने धोनी को कप्तानी सौंप दी थी। अब एक बार फिर टीम के अगले कप्तान की चर्चाएं तेज हो गई हैं। माइक हसी, रुतुराज गायकवाड़ भविष्य में सीएसके के कप्तान के रुप में देखते हैं।