Noida News : सडक़ निर्माण में लगे वाहनों की बैट्री चोरी
Noida News: Battery theft of vehicles engaged in road construction
भारत
RP Raghuvanshi
02 Dec 2025 03:22 AM
Noida News : पुलिस गश्त के तमाम दावों के बावजूद भी चोर आए दिन चोरी की घटनाओं को अंजाम देकर पुलिस सक्रियता की कलई खोल रहे हैं। बीती रात्रि चोरों ने सेक्टर-51 गेट नंबर 8 के पास सडक़ निर्माण कार्य में लगे वाहनों से 5 बैटरी चोरी कर ली। एक ही रात में 5 बैटरी चोरी होने की घटना से सेक्टर वासियों में खासा रोष व्याप्त है।
Noida News :
सेक्टर-51 आरडब्लूए के महासचिव संजीव कुमार ने बताया कि सेक्टर-51 में सडक़ बनाने का कार्य हो रहा है। सोमवार की शाम को काम खत्म करने के पश्चात ठेकेदार के कर्मचारी सडक़ निर्माण में लगे रोड रोलर, ट्रैक्टर, डंपर को गेट नंबर 8 के पास खड़े कर सो गए। आज सुबह जब वह उठे तो उन्हें वाहनों से 5 बैटरी गायब मिली। बैटरी चोरी होने की वजह से सेक्टर में सडक़ निर्माण का कार्य भी प्रभावित हो गया है।
आरडब्लूए महासचिव ने बताया कि करीब 15 दिन पहले सेक्टर 51 बी ब्लॉक रहने वाले दो व्यक्तियों की कार से बैटरी चोरी होने की घटनाएं हुई थी। चोर एक कार की बैटरी चोरी कर ले गए थे। चोरों ने दूसरी कार का शीशा तोडक़र बैटरी चोरी करने का प्रयास किया था लेकिन वह बैटरी निकालने में कामयाब नहीं हो पाए थे। उन्होंने बताया कि सेक्टर में बंद पड़े मकानों से भी प्रत्येक दिन बाथरूम फिटिंग, बिजली के तार, उपकरण, पानी की मोटर इत्यादि चोरी होने की शिकायतें आरडब्ल्यू के पास आ रही हैं। सेक्टर में बढ़ती चोरियों की जानकारी कई बार संबंधित चौकी व थाने को दी गई है। इसके बावजूद भी पुलिस द्वारा इन पर रोक लगाने के लिए कोई कारगर कदम नहीं उठाए गए हैं।
इस संबंध में जब सेक्टर 51 चौकी प्रभारी से बात की गई तो उन्होंने बताया कि उन्हें चोरी की कोई सूचना नहीं मिली है। पीडि़त और आरडब्ल्यूए ने उनसे कोई संपर्क नहीं किया है।