Political : मान गईं ममता, विपक्षी एकता में निभाएंगी अहम किरदार
Mamta agreed, will play an important role in opposition unity
भारत
चेतना मंच
24 Apr 2023 10:05 PM
कोलकाता। आखिर, मान ही गईं ममता दीदी। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार उन्हें मनाने में कामयाब हो गए। हालांकि इस बात की अभी आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन ममता बनर्जी के बयान से यह लगभग साफ हो गया है कि वह विपक्षी दलों की एकता में अहम किरदार निभाने को तैयार हो गई हैं। बैठक के बाद दोनों नेताओं ने विपक्षी दलों का गठबंधन बनाने की वकालत की। दोनों नेताओं ने 2024 के लोकसभा चुनाव के लिए मिलकर तैयारी करने की जरूरत पर भी जोर दिया। ममता बनर्जी ने तो यहां तक कहा कि हमारा मकसद भाजपा को हीरो से जीरो बनाना है। बैठक के दौरान बिहार के उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव भी मौजूद थे।
राज्य सचिवालय नबन्ना में बैठक के बाद नीतीश कुमार ने कहा कि बेहद सकारात्मक बातचीत हुई। विपक्षी दलों को एक साथ बैठकर रणनीति तैयार करने की जरूरत है। बैठक से बाहर आकर ममता बनर्जी ने कहा कि हमें यह संदेश देना है कि हम सभी एक साथ हैं।
दोनों नेताओं के बीच हुई चर्चा के बारे में अभी ज्यादा विवरण नहीं मिला है। दोनों ने केवल प्रमुख बिंदुओं के बारे में ही बताया।
देश पर शासन करने वालों को केवल प्रचार करने में दिलचस्पी
दोनों पक्षों ने बैठक में इस बारे में बातचीत की कि वे चुनाव से पहले कारगर गठबंधन बनाने के लिए किस तरह मिलकर काम कर सकते हैं। कुमार ने सरकार पर निशाना साधते हुए दावा किया कि भारत के विकास के लिए कुछ भी नहीं किया जा रहा, शासन करने वालों को केवल प्रचार करने में दिलचस्पी है। उन्होंने कहा कि सीएम ममता बनर्जी के साथ हमारे लंबे समय के रिश्ते हैं। उनके शासनकाल में हुए विकास को हमने देखा है।
ममता बनर्जी ने समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव, ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक और जनता दल (सेक्युलर) के नेता एचडी कुमारस्वामी के साथ पिछले महीने इसी तरह की बैठकें की थीं। दूसरी ओर, लोकसभा चुनाव से पहले विपक्षी दलों को एकजुट करने के लिए नीतीश कुमार ने इस महीने की शुरुआत में नई दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और पार्टी के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी से मुलाकात की थी।
देश विदेशकी खबरों से अपडेट रहने लिएचेतना मंचके साथ जुड़े रहें।देश–दुनिया की लेटेस्ट खबरों से अपडेट रहने के लिए हमेंफेसबुकपर लाइक करें याट्विटरपर फॉलो करें।