
3 मित्रों से शुरू हुए अभियान में अब 125 सदस्य
सरकारी अस्पतालों के हालातों से हर कोई वाकिफ होगा लेकिन वहां पर लोगों को सुविधा मिल सके इसके लिए कोई भी आगे नहीं आता है। ऐसे में मरीजों और तीमारदारों को अच्छा भोजन मिल सके इसके लिए प्रेम फाउंडेशन ने ये अभियान शुरू किया था। कानपुर के रावतपुर निवासी राजेंद्र पाल कपड़ा कारोबारी हैं। उन्होंने 2017 में 200 पैकेट भोजन का वितरण शुरू किया था, आज 2700 पैकेट का वितरण कर रहे हैं। राजेंद्र पाल ने बताया कि लोगों को पेट भर और पौष्टिक भोजन मिले यही हमारी संस्था का लक्ष्य है। 6 साल पहले मैंने अपने मित्र आरके जिंदल और अरुणपुरी के साथ सरकारी अस्पताल में भोजन के बांटने का अभियान शुरू किया था। छह माह बाद कार्डियोलॉजी और टीबी अस्पताल में भी एक-एक काउंटर लगाया। वर्तमान में शहर के 5 हॉस्पिटल में हम लोग सुबह और शाम दोनों टाइम भोजन का वितरण कर रहे हैं। हमारी संस्था में कुल 125 सदस्य काम कर रहे हैं। महीने में 80 हजार पैकेट का वितरण किया जाता है।
कोई भूखा ना रहे
राजेंद्र पाल ने कहा कि जब से यह काम शुरू किया है उस दिन से लेकर आज दिन तक एक भी दिन ऐसा नहीं हुआ है जिस दिन खाना न बंटा हो। लोग संस्थान के साथ जुड़ते जा रहे हैं और मिलकर सभी भोजन तैयार कराते हैं। इसलिए आज दिन तक किसी एक व्यक्ति के ऊपर कोई बोझ नहीं पड़ा। मैंने तो बस एक पहल शुरू की थी और राम जी की कृपा से आज सदस्यों की लंबी ट्रेन बन चुकी है, जिनकी मदद से इतनी बड़ी संख्या में हम लोग भोजन वितरण कर रहे हैं। हमारा मकसद है कि अस्पतालों में आने वाला कोई भी व्यक्ति पैसे के अभाव में भूखा ना रहे।