
Umesh Pal murder case : प्रयागराज : उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में उमेश पाल हत्याकांड मामले में माफिया अतीक अहमद के फरार चल रहे बेटे असद की तलाश में पुलिस और यूपी एसटीएफ लगातार लगी हुई है। पुलिस ने कई जगहों पर छापेमारी की लेकिन इसके बावजूद 38 दिन बाद भी वो पुलिस के हाथ नहीं लगा है। वहीं जिन जगहों पर असद और बाकी शूटरों ने शरण ली थी, वहां पुलिस के पहुंचने से पहले ही वह लोग फरार हो गए। इस बीच पुलिस ने गुड्डू मुस्लिम को शरण देने के आरोपी में अतीक के बहनोई डॉ. अखलाक को गिरफ्तार किया है। बता दें कि 24 फरवरी को उमेश पाल की दिनदहाड़े हत्या की गई थी। इस दौरान सुरक्षा में तैनात दो सिपाही की भी मौत हो गई थी।
बता दें कि उमेश पाल हत्याकांड के बाद ही पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने के लिए तत्काल कई टीमों का गठन किया था। तकनीकि रुप से मजबूत होने के बावजूद एसटीएफ को इन आरोपियों के बारे में कोई भी पता नहीं लग पाया है। पहले जहां आशंका जताई जा रही थी कि असद मेरठ के बाद दिल्ली से होकर हरियाणा की ओर गया है, वहीं अब कहा जा रहा है कि वह नेपाल में छिपा हुई है। इस बीच कुछ रिपोर्टस में दावा यह भी किया जा रहा हैं कि असद किसी सफेदपोश की मदद से इतने लंबे समय तक पुलिस के हाथ नहीं लगा है।
दावा किया जा रहा है कि किसी कारोबारी की मदद से असद नेपाल में छिपा है। शूटआउट के बाद उसने मेरठ में अपने करीबी रिश्तेदार के घर पर शरण ली थी। हालांकि बाद में वह हरियाणा की ओर चला गया। इन दावों में कितनी सच्चाई है इसको लेकर किसी के पास कोई भी जवाब नहीं है। आपको बता दें कि प्रयागराज की सुलेम सराय जीटी रोड पर फरवरी में उमेश और उनके दोनों गनर की हुई हत्या के मामले में असद, गुड्डू मुस्लिम, गुलाम, साबिर, अरमान की तलाश में पुलिस लगी हुई है। एक माह से अधिक समय गुजरने के बाद भी पुलिस आरोपियों तक नहीं पहुंच सकी है। दर्जनों टीमों के लगे होने के बाद भी कोई सफलता हाथ लगती दिखाई नहीं पड़ती है।