
UP News: उत्तर प्रदेश के महाराजगंज में चार साल पहले एक साथ जीने मरने की कसम खाकर एक युवक द्वारा एक युवती से प्रेम विवाह रचाया गया। इस प्रेम विवाह को बाकायदा कोर्ट में भी रजिस्टर्ड कराया गया। लेकिन चार साल के बाद इस लव स्टोरी में एक ऐसा मोड़ आ गया, जिससे लड़की के पैरों तले की जमीन खिसकती नजर आ रही है। आरोप है कि युवक, अपनी पत्नी पर अब धर्म परिवर्तन करने का दबाव बना रहा है और ऐसा न करने पर लड़की के साथ मारपीट की जाती है। यही नहीं युवती पर अन्य युवकों के साथ संबंध बनाने का दबाव भी बनाया जा रहा है।
मामला महाराजगंज जनपद के थाना फरेंदा क्षेत्र का है। यहां के रहने वाले एक युवक और एक युवती ने चार साल पहले प्रेम प्रसंग के चलते कोर्ट मैरिज की थी। युवती ने थाने में तहरीर देकर अपने पति पर धर्म परिवर्तन करने का दबाव बनाने और मारपीट करने का आरोप लगाते हुए पुलिस से आरोपी के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
पीड़िता ने तहरीर में कहा कि उसने एक मुस्लिम युवक के बहकावे में आकर 4 साल पहले कोर्ट मैरिज की थी। जिसके बाद वह युवक के साथ रहने लगी। कुछ दिन बाद ही उसका पति उसे मारने-पीटने लगा और धर्म परिवर्तन करने का दबाव देने लगा। जिसका विरोध करने पर वह जान से मारने की कोशिश की।
आरोप है कि युवती का पति अपने अन्य साथियों को घर पर बुलाता है और उनके साथ शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बनाता है। युवती ने बताया कि आज जब वह मामले की शिकायत लेकर थाना आ रही थी। उस समय भी युवक ने उसे बाजार में मारा-पीटा गया। इस मामले में फरेंदा पुलिस ने युवती के तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच में जुट गई है।