
UP Officer Transfer : लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने बड़े पैमाने पर पीसीएस अधिकारियों के तबादले किये हैं। तबादलों के इस कडी में कई जिलों के एडीएम व कई शहरों के सिटी मजिस्ट्रेट बदले गये हैं। जिन अधिकारियों को बदला गया है उन्हें तुरन्त अपने नये पदों पर पदभार ग्रहण करने के निर्देश दिये गये हैं।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर एक दर्जन वरिष्ठ पीसीएस अधिकारियों के तबादले किये गये हैं। तबादलों की इस कड़ी में नमामी गंगे योजना से जुडे हुए एडीएम संजय पाण्डेय को शाहजहांपुर में एडीएम प्रशासन बनाकर भेजा गया है। वहीं रायबरेली के एसडीएम अशोक सिंह को नमामी गंगे योजना का एडीएम बनाया गया है। प्रयागराज प्राधिकरण के ओएसडी अभिनव रंजन श्रीवास्तव को संत कबीर नगर में एडीएम (वित्त एवं प्रशासन) बनाकर भेजा गया है।
उन्नाव के नगर मजिस्ट्रेट विजेता को कानपुर नगर में भूमि अध्याप्ति विभाग में एडीएम बनाया गया है। एसडीएम विनय गुप्ता को उन्नाव का नगर मजिस्ट्रेट, संत कबीर नगर के एडीएम (वित्त एवं राजस्व) मनोज सिंह को वाराणसी का अपर आयुक्त बनाया गया है। शामली में एसडीएम विशु राजा व गाजियाबाद में तैनात एसडीएम हिमांशु वर्मा को ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण में ओएसडी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। बाराबंकी की एसडीएम प्रिया सिंह को लखनऊ विकास प्राधिकरण में ओएसडी बनाकर भेजा गया है।
रामपुर जनपद में एडीएम (न्यायिक) राज नारायण को गोरखपुर में उपसंचालक चकबंदी, मेरठ के सिटी मजिस्ट्रेट अमरेश कुमार को इसी जनपद में अपर नगर आयुक्त तथा हरदोई के एसडीएम राहुल कश्यप विश्वकर्मा को मेरठ का नगर मजिस्ट्रेट बनाया गया है। लखनऊ विकास प्राधिकरण में तैनात ओएसडी अमित कुमार राठौर को मऊ जिले का सीआरओ तथा मऊ के सीआरओ अभय कुमार पाण्डेय को मिर्जापुर का अपर आयुक्त बनाकर भेजा गया है।