
National Conclave 2023: नई दिल्ली। देश की सबसे कठिन परीक्षा संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) में ग्रेटर नोएडा की टॉपर इशिता किशोर ने आज केंद्र की मोदी सरकार के नौ वर्ष पूरे होने पर आयोजित नेशनल कान्क्लेव में शिरकत की। इस कान्क्लेव को कई सत्रों में बांटा गया है। कान्क्लेव में यूपीएससी परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले भावी आईएएस के अलावा फिल्म अभिनेता, उद्योगपति व विभिन्न क्षेत्रों के दिग्गज हिस्सा ले रहे हैं। लेकिन इस कान्क्लेव में सबकी नजर यूपीएससी 2022 की परीक्षा टॉप करने वाली इशिता किशोर पर थी।
इशिता ने इस दौरान मीडिया से भी बातचीत की। उन्होंने कहा कि नई शिक्षा नीति के साथ भारत एक कदम आगे बढ़ रहा है। मुझे उम्मीद है कि 2047 में भारत में अंतिम पंक्ति तक बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। हर किसी के पास न्यूनतम जीवन स्तर होना चाहिए, विशेष रूप से महिलाओं के लिए।
मोदी सरकार के नौ साल पूरे होने पर इस कान्क्लेव का आयोजन किया जा रहा है। कान्क्लेव में मोदी सरकार द्वारा इन 9 सालों में किए गए कार्यों के बारे में बताया जा रहा है। साथ ही देश के विकास में और किन कार्यों को किया जा सकता है, इसका सुझाव भी लिए जा रहे हैं।