
USA Tornado Superhero Baby : अमेरिका में आए बवंडर में एक चार माह का बच्चा उड़ गया और अपने घर से करीब तीस मीटर की दूरी पर एक पेड़ पर जाकर अटक गया। इस चार माह के बच्चे को अमेरिका के लोग सुपरहीरो कहकर बुला रहे हैं। सुपरहीरो इसलिए क्योंकि भयंकर बवंडर में भी वह जिंदा था। हालांकि बच्चे के शरीर पर कुछ जगह चोट आई है।
आपको बता दें कि अमेरिका के टेनेसी में करीब एक सप्ताह पहले एक भयंकर बवंडर आया था। तब टेनेसी के क्लार्क्सविले निवासी 22 वर्षीय सिडनी मूरे (बच्चे की मां) का चार माह का बेटा लार्ड पालने में सो रहा था। बवंडर आने पर वह हवा के तेज झोंके में उड़ गया और गायब हो गया। बवंडर के कारण सिडनी मूरे के मकान (मोबाइल होम) की छत भी उड़ गई।
अमेरिकी मीडिया की रिपोर्ट के अनुसार, मूरे ने कहा कि मौसम खराब होने की पहले कोई चेतावनी नहीं दी गई थी, सबकुछ अचानक से हो गया। वो अपने एक साल के बड़े बेटे प्रिंसटन को लेकर शेल्टर की तरफ भागीं, जबकि उनके 39 वर्षीय पति अरामिस यंगब्लड छोटे बेटे लॉर्ड (उम्र चार माह) को बचाने के लिए तेजी से भागे, लेकिन लार्ड अपने पालने में नहीं था। लगातार आते बवंडर और तूफान उसे अपने साथ ले गया। मूरे के घर की दीवारें उनके सामने जमीन पर पड़ी थीं। तेज तूफान के साथ बारिश भी शुरू हो गई। मलबे में तब्दील अपने घर से एक साल के बेटे को गोद में लिए मूरे सुरक्षित स्थान की तरफ भागीं।
दूसरी तरफ उनके बॉयफ्रेंड अरामिस करीब 10 मिनट तक चार महीने के लॉर्ड को तलाशते रहे। बाद में पता चला कि लॉर्ड अपने घर से करीब 30 फीट दूर एक पेड़ पर है और रो रहा था। वहीं ये पेड़ तूफान के कारण जड़ से उखकर जमीन पर गिर गया था। मूरे कहती हैं कि ये किसी फिल्मी सीन से कम नहीं था। मुझे याद है जब अरामिस बारिश में भीगते हुए लॉर्ड को अपनी गोद में ला रहे थे। उनके कपड़े फट गए थे।' लॉर्ड के चेहरे पर चोट के निशान थे। मदद के लिए इस परिवार को एक मील से ज्यादा की यात्रा करनी पड़ी। तभी वहां रेस्क्यू के लिए टीम और एक एंबुलेंस आई।
लॉर्ड के शरीर पर मिट्टी थी। बच्चा सांस तो ले रहा था लेकिन एकदम शांत हो गया था। डॉक्टरों ने उसकी जांच की और उसे उसकी मां की गोद में सौंप दिया। डॉक्टरों ने कहा कि बच्चा एकदम स्वस्थ्य है। इस नॉर्थ टेनेसी शहर में 45 साल से रहने वाले क्लार्क्सविले के निवासी ब्रायंट ने कहा, 'वहां बहुत तबाही हुई और यह एक चमत्कार है कि लोग जितने गंभीर रूप से घायल हो सकते थे, उतने नहीं हुए।' सिडनी मूरे की बहन कैटलिन मूरे ने इस परिवार की मदद के लिए गोफंडमी पर पेज बनाया है। ताकि लोग डोनेशन दे सकें. उनका कहना है कि लॉर्ड का बचना किसी चमत्कार से कम नहीं है।