West Bengal : हावड़ा के काजीपाड़ा, शिबपुर में झड़प के बाद सामान्य हो रहे हालात
Situation returning to normal after clashes in Howrah's Kazipada, Shibpur
भारत
चेतना मंच
01 Dec 2025 04:24 PM
हावड़ा (पश्चिम बंगाल)। पश्चिम बंगाल में हावड़ा जिले के शिबपुर और काजीपाड़ा इलाके में रामनवमी पर शोभायात्रा निकाले जाने के दौरान दो समूहों के बीच हुई झड़प के बाद स्थिति सामान्य हो रही है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी। पुलिस अधिकारी ने बताया कि रविवार को बाजार खुले और सड़कों पर वाहन चल रहे थे। हालांकि, निषेधाज्ञा अब भी लागू है।
अधिकारी ने बताया कि त्वरित कार्रवाई बल (आरएएफ) कर्मियों ने इलाके में शांति बनाए रखने के लिए गश्त की। राज्य अपराध जांच विभाग (सीआईडी) के अधिकारी बृहस्पतिवार को हुई तोड़फोड़ की जांच कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इलाके में तथा उसके आसपास इंटरनेट सेवाओं पर निलंबन हटाने का फैसला स्थिति का आकलन करने के बाद लिया जाएगा।
अभी सस्पेंड रहेंगी इंटरनेट सेवाएं
भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के अधिकारी ने कहा कि स्थिति सामान्य है और पिछले 24 घंटे में कानून एवं व्यवस्था मे खलल डालने वाली कोई घटना नहीं हुई। हालांकि, हम निषेधाज्ञा आदेश जारी रखेंगे और इंटरनेट सेवाओं पर निलंबन हटाने का फैसला बाद में लिया जाएगा। कुछ वक्त तक पुलिस बल तैनात रहेगा। हम कोई कोताही नहीं बरतेंगे।
बृहस्पतिवार को रामनवमी के दिन शाम को दो समूहों के बीच उस समय झड़प शुरू हो गई थी, जब शोभायात्रा हावड़ा में काजीपाड़ा से गुजर रही थी। हिंसा के दौरान कई दुकानों में लूटपाट की गई थी, जबकि कुछ पुलिस वाहनों समेत कई कारों को आग के हवाले कर दिया गया था।
देश विदेशकी खबरों से अपडेट रहने लिएचेतना मंचके साथ जुड़े रहें।देश–दुनिया की लेटेस्ट खबरों से अपडेट रहने के लिए हमेंफेसबुकपर लाइक करें याट्विटरपर फॉलो करें।