
Samachar : चेतना मंच के सभी सुधी पाठकों को प्यारभरी गुड़ मॉर्निंग। शुभ सोमवार, आपका दिन मंगलमय हो, आप स्वस्थ रहे और मस्त रहे। चेतना मंच की इस खास पेशकश में हम आज की नोएडा और ग्रेटर नोएडा की ताजा खबरों से अवगत कराएंगे। इन चुनिंदा 10 खबरों में हम आपको बताएंगे कि आज आपके लिए कौन सी खबर काम की रहने वाली है। इसके अलावा नोएडा और ग्रेटर नोएडा की राजनीतिक, सामाजिक और अपराधिक दृष्टि से महत्वपूर्ण खबरों पर भी हम यहां नजर डालेंगे।
किसानों की विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर आज, सोमवार को यमुना एक्सप्रेसवे के जीरो प्वाइंट पर महापंचायत का आयोजन किया जाएगा। इस पंचायत के बाद आंदोलन की रणनीति तैयार की जाएगी। दर्जनों गांवों के किसान यहां पर पहुंच रहे हैं।
सोमवार को भारतीय किसान यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष पवन खटाना के नेतृत्व में जीरो प्वाइंट पर अंडरपास के नीचे महापंचायत बुलाई है। महापंचायत में आंदोलन की घोषणा की जाएगी और किसानों की मांगों को रखा जाएगा। महापंचायत में अधिक से अधिक किसानों को जुटाने के लिए गांव-गांव जाकर जनसंपर्क किया जा रहा है। सोशल मीडिया पर भी लोगों से पहुंचने का आह्वान किया जा रहा है।
ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में मकानों की रजिस्ट्री कराने के लिए अब रजिस्ट्रार कार्यालय में घंटों का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। ग्रेटर नोएडा और दादरी क्षेत्र में दो सब रजिस्ट्रार कार्यालय खोलने की योजना प्रशासन द्वारा बनाई गई है। इन दो सब रजिस्ट्रार कार्यालय के शुरू होने के बाद वर्तमान में काम कर रहे रजिस्ट्री कार्यालयों में बैनामों का भार काम हो जाएगा और लोगों को अपने मकानों की रजिस्ट्री कराने में आसानी होगी। जिला प्रशासन ने दादरी तहसील और ग्रेनो के सेक्टर-2 स्थित दोनों सब रजिस्ट्रार कार्यालय के कार्य विभाजन की रिपोर्ट तैयार कर ली है। सर्वे के बाद तैयार की रिपोर्ट के साथ विभाजन का प्रस्ताव शासन को भेजा जाएगा। हालांकि मौजूदा रजिस्ट्रार कार्यालय में बैनामा लेखक इसका विरोध कर रहे हैं।
यूपी के हाईटेक सिटी नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में रहने वाले लोगों के लिए बड़ी खुशखबरी है। इन तीनों ही सिटी में अब पूंजीपतियों का बोलबाला समाप्त किया जा रहा है। औद्योगिक प्लॉटों के आवंटन को लेकर एक बार फिर से पुरानी व्यवस्था लागू होने जा रही है। प्लाट आवंटन में पुरानी व्यवस्था लागू होने से उन लोगों को भी प्लाट मिलने की आशा जाग्रत होगी, जो जमीन का वास्तविक मूल्य ही अदा करने में सक्षम होते हैं और वास्तव में उद्योग लगाना चाहते हैं।
तीनों शहरों नोएडा, ग्रेटर नोएडा व यमुना प्राधिकरण में अब इंडस्ट्रीयल प्लाट के लिए ई टेंडरिंग व्यवस्था को पूरी तरह से समाप्त करके प्रत्येक साइज के प्लाट साक्षात्कार के आधार पर आवंटित करने की योजना बनाई गई है। इस योजना पर तीनों प्राधिकरणों के मुख्य कार्यपालक अधिकारियों की सहमति ली जा चुकी है। अब उत्तर प्रदेश सरकार के स्तर पर अंतिम फैसला होना है। संभावना जताई जा रही है कि उत्तर प्रदेश सरकार यह बड़ा फैसला जल्दी ही कर लेगी। पूरी खबर पढ़े
नोएडा, ग्रेटर नोएडा और दिल्ली एनसीआर में ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान (ग्रैप) लागू होने के बावजूद नोएडा और ग्रेटर नोएडा के बिल्डर व ठेकेदार बाज नहीं आ रहे हैं। उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड द्वारा लगातार की जा रही अपील का भी इन पर कोई असर नहीं हो रहा है, जिस कारण नोएडा और ग्रेटर नोएडा की आबो हवा लगातार खराब हो रही है। ग्रैप के नियमों को अनदेखा करने वाले बिल्डर व ठेकदारों के खिलाफ उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने अब सख्त एक्शन लेना शुरू कर दिया है। प्रदूषण फैलाने के 9 मामलों में 19 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। पूरी खबर पढ़े
ग्रेटर नोएडा के अल्फा कॉमर्शियल बेल्ट स्थित रेस्टारेंट में पिज्जा बर्गर के पैसे मांगने पर तीन हमलावरों ने पिस्टल लेकर रेस्टोरेंट संचालक और उसके चचेरे भाई पर हमला बोल दिया। आरोपियों ने रेस्टोरेंट संचालक और उसके चचेरे भाई के साथ मारपीट की। आरोपी व्हाट्सएप पर कार ड्राइव करते हुए फरारी के दौरान स्टेटस शेयर कर रहा है। पीड़ित संचालक ने पुलिस से आरोपी की लोकेशन ट्रैस कर गिरफ्तारी की मांग की है।
नोएडा शहर में एक अनोखा क्लब चल रहा है। इस क्लब के कर्ताधर्ता भारतीय सैन्य बलों से रिटायर सैनिक व सैन्य अफ़सर हैं। नोएडा शहर के सेक्टर 28, 29 तथा 37 को मिलाकर बना है जल वायु बिहार। घोषित रूप से ये तीनों सेक्टर भारतीय वायुसेना, नेवी तथा थल सेना के अफ़सरों व सैन्य कर्मियों के सेक्टर हैं। इन सेक्टरों में रहने वाले भारतीय सैनिकों ने बनाया है जेवीसीसी लाफ्टर क्लब। यह बहुत ही अनोखा क्लब है। यहां हंसने का अवसर तो मिलता ही है, साथ ही समाजसेवा के ज़रिए वंचितों के मुख पर हंसी लाई जाती है। नीचे इस क्लब के कुछ आयोजनों की बानगी देखते हैं। पूरी खबर पढ़े
नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी डॉक्टर लोकेश एम लगातार जनता के बीच जा रहे हैं। उनका मत है कि जनता जनार्दन होती है। जनता को नोएडा प्राधिकरण के चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं है, इसलिए नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों व कर्मचारियों को जनता के दरबार में ही जाना चाहिए। यह सिलसिला डॉक्टर लोकेश एम ने नोएडा प्राधिकरण में अपनी तैनाती के साथ ही शुरू कर दिया था। इससे पहले नोएडा में CEO के पद पर तैनात रही चर्चित आईएएस अधिकारी रितु माहेश्वरी जनता के बीच में जाना तो दूर जनता से मिलना तक पसंद नहीं करती थी। पूरी खबर पढ़े
नोएडा के सेक्टर 62 के रामलीला मैदान में श्रीराम मित्र मंडल नोएडा द्वारा आयोजित होनेवाली श्रीरामलीला महोत्सव 2023 की तैयारियों की समीक्षा की गई। इसके लिए रविवार को सेक्टर-९ स्थित समिति के कार्यालय में आयोजन समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में आयोजन समिति के सदस्यों ने निर्णय लिया है कि इस वर्ष सुरक्षा व्यवस्था, मंचन व्यवस्था, बैठने की व्यवस्था में सुधार किया जायेगा।
श्रीराम मित्र मंडल नोएडा के महासचिव मुन्ना कुमार शर्मा ने बताया कि मंच के निर्माण का कार्य जोरों से चल रहा है। मंच को पूरा भव्य बनाया जायेगा। तीन मंजिला मंच होगा। पुतला बनाने का भी काम चल रहा है। रावण, कुंभकरण, मेघनाद के अतिरिक्त सनातन धर्म के दुश्मनों का भी पुतला दहन किया जायेगा। मंचन व्यवस्था और लोगों के बैठने की सुविधाजनक व्यवस्था के साथ सुरक्षा का भी विधिवत ख्याल रखा जाएगा। पूरी खबर पढ़े
पिछले दिनों मध्य प्रदेश के ग्वालियर में प्रदर्शन कर रहे गुर्जर समुदाय के प्रदर्शनकारियों पर पुलिस द्वारा किए लाठीचार्ज और पुलिस की अन्य कार्यवाही के विरोध में ग्रेटर नोएडा के किसानों ने दिल्ली के जंतर मंतर पहुंचकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी किसानों का कहना था कि ग्वालियर में प्रदर्शनकारियों पर फर्जी मुकदमे और जेल भेजने का कार्य कर उनका दमन किया गया है। अभिव्यक्ति की आजादी पर हमला किया गया है।
किसान सभा गौतमबुद्धनगर के अध्यक्ष डॉ. रुपेश वर्मा ने कहा कि भाजपा एंटी सिस्टम पार्टी है। जिसका सामाजिक न्याय संविधान अभिव्यक्ति की आजादी में कोई विश्वास नहीं है, इसीलिए ग्वालियर में प्रदर्शनकारियों पर पुलिस ने फर्जी मुकदमे दर्ज किए हैं। ग्वालियर के प्रदर्शनकारियों पर इनाम घोषित किए गए हैं और सैकड़ों की संख्या में प्रदर्शन कार्यों को जेल में बंद किया है। पूरी खबर पढ़े
नोएडा और ग्रेटर नोएडा समेत पूरे जिले आने वाले त्योहारों से पहले ही शराब तस्कर सक्रिय हो गए है। त्योहारों को लेकर तस्कर भारी मात्रा में शराब की तस्करी करने लगे हैं। शराब तस्करी पर पाबंदी लगाने के लिए पुलिस और आबकारी विभाग द्वारा अनेकों अभियान चलाए जा रहे हैं। जिसके तहत थाना दादरी पुलिस और आबकारी विभाग में बड़ी कामयाबी हासिल की है। आबकारी विभाग और दादरी पुलिस की संयुक्त टीम ने लुहारली टोल प्लाजा पर शराब से भरा ट्रक बरामद किया है। जब्त की गई शराब की कीमत लगभग 60 लाख रुपये बताई जा रही है। पूरी खबर पढ़े