विज्ञापन
Noida News: मुख्यमंत्री सबसे पहले यमुना सिटी के सेक्टर-10 स्थित इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर (EMC-2.0) पहुंचेंगे। यहां करीब 15,023 करोड़ रुपये के निवेश वाली तीन बड़ी विनिर्माण परियोजनाओं की आधारशिला रखी जाएगी

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज नोएडा और यमुना सिटी के दौरे पर रहेंगे। उनका यह दौरा प्रदेश के औद्योगिक विकास और बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है। इस दौरान मुख्यमंत्री हजारों करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे। इन परियोजनाओं से न सिर्फ औद्योगिक निवेश को बढ़ावा मिलेगा बल्कि हजारों युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी तैयार होंगे।
मुख्यमंत्री सबसे पहले यमुना सिटी के सेक्टर-10 स्थित इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर (EMC-2.0) पहुंचेंगे। यहां करीब 15,023 करोड़ रुपये के निवेश वाली तीन बड़ी विनिर्माण परियोजनाओं की आधारशिला रखी जाएगी। इन परियोजनाओं में इलेक्ट्रॉनिक सर्किट, सेमीकंडक्टर सर्किट, होम एप्लायंसेज, कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स, सोलर सेल और सोलर मॉड्यूल निर्माण से जुड़े बड़े प्लांट शामिल हैं। इन निवेशों से यमुना सिटी में आधुनिक औद्योगिक माहौल विकसित होगा और करीब 10 हजार लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है।
यह भी पढ़ें: नोएडा अथॉरिटी का 390 करोड़ का नया मुख्यालय : क्या है खास? CM योगी करेंगे उद्घाटन
इस दौरे की सबसे खास बात यह है कि यमुना सिटी में बनने वाला सोलर सेल निर्माण संयंत्र उत्तर प्रदेश का पहला ऐसा प्लांट होगा जहां सोलर सेल का उत्पादन किया जाएगा। अभी तक प्रदेश में केवल सोलर मॉड्यूल बनाए जाते हैं। इस परियोजना के शुरू होने से राज्य में नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र को नई गति मिलने की उम्मीद है। साथ ही इलेक्ट्रॉनिक्स और ग्रीन एनर्जी सेक्टर में निवेश को भी मजबूती मिलेगी।
यमुना सिटी के कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री नोएडा पहुंचेंगे जहां सेक्टर-96 में बने नोएडा प्राधिकरण के नए प्रशासनिक भवन का उद्घाटन करेंगे। सात मंजिला इस आधुनिक भवन का निर्माण लगभग 390 करोड़ रुपये की लागत से किया गया है। वर्ष 2015 में शुरू हुआ यह प्रोजेक्ट अब पूरी तरह तैयार हो चुका है। उद्घाटन के बाद मुख्यमंत्री इसी भवन के सातवें तल पर लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक भी करेंगे।
मुख्यमंत्री नोएडा में कुल 2,478 करोड़ रुपये की 69 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इनमें 1,045 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन होगा जबकि 1,434 करोड़ रुपये की लागत वाली नई परियोजनाओं की शुरुआत की जाएगी। इन विकास कार्यों का उद्देश्य शहर की आधारभूत सुविधाओं को और बेहतर बनाना है।
आज जिन प्रमुख परियोजनाओं को आगे बढ़ाया जाएगा उनमें नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे के किनारे बनी नई सीवर लाइनें, यमुना तट स्थित रेनीवेल-4 परियोजना, अगाहपुर से एनएसईजेड तक तैयार एलिवेटेड रोड, सेक्टर-123 का स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, विभिन्न सेक्टरों में मल्टीलेवल पार्किंग, डिजिटल लाइब्रेरी, डियर पार्क, लेक व्यू पार्क, नए विद्युत उपकेंद्र और शहर की कई प्रमुख सड़कों का विकास शामिल है। इन परियोजनाओं के पूरा होने से नोएडा की यातायात व्यवस्था, सार्वजनिक सुविधाएं और शहरी ढांचा पहले से अधिक मजबूत होगा।
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान किसानों और उद्यमियों को प्लॉट आवंटन पत्र भी वितरित किए जाएंगे। इसके साथ ही परिसर में 'एक जनपद-एक उत्पाद (ODOP)' और एमएसएमई प्रदर्शनी का आयोजन किया गया है जहां स्थानीय उत्पादों और छोटे उद्योगों को बढ़ावा देने का प्रयास किया जाएगा।
मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है। कार्यक्रम स्थलों पर बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। अधिकारियों के अनुसार सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह चाक-चौबंद रखा गया है ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।
आज का यह दौरा नोएडा और यमुना सिटी के लिए काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। एक तरफ बड़े औद्योगिक निवेश से रोजगार के अवसर बढ़ेंगे तो दूसरी तरफ नई विकास परियोजनाओं से शहर की आधारभूत सुविधाओं में सुधार होगा। सरकार का फोकस निवेश, इंफ्रास्ट्रक्चर और रोजगार को एक साथ आगे बढ़ाने पर है जिसका असर आने वाले समय में पूरे क्षेत्र के विकास पर देखने को मिल सकता है।
विज्ञापन