Noida News : उत्तर प्रदेश के शो विंडो तथा आर्थिक एवं औद्योगिक राजधानी कहे जाने वाले नोएडा में अब ग्रेटर नोएडा की तरह बिजली के खुले तार (केबिल्स) नजर नहीं आएंगे। अगले 1-2 वर्ष में नोएडा के सभी बिजली के तार अंडरग्राउंड कर दिये जांएगे। नोएडा की सड़कों पर लगे खंभों को भी हटाने की दिशा में काम शुरू किया जाएगा।
आपको बता दें कि नोएडा की सड़कों पर लगे बिजली के खंभों की वजह से बिजली के तारों का जाल नजर आता है। बिजली के तारों के जाल की वजह से कभी कभी परेशानी भी होती है। नोएडा शहर की सुंदरता को चार चांद लगाने के लिए नोएडा प्राधिकरण अब बिजली के तारों को अंडरग्राउंड करने की दिशा में काम कर रहा है।
नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) डा. लोकेश एम ने बताया कि अगले एक दो सालों में नोएडा शहर के सभी बिजली के तारों को अंडरग्राउंड कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि फिलहाल घनी आबादी वाले सेक्टरों के केबिल अंडरग्राउंड किये जाएंगे। इसके लिए पहले 3 सेक्टरों में यह कार्य किया जाएगा।
सीईओ ने बताया कि अभी इस कार्य के लिए 200 करोड़ रूपये की राशि मंजूर कर दी गई है। जैसे-जैसे यह योजना परवान चढ़ेगी, राशि का आवंटन किया जाता रहेगा।
उन्होंने बताया कि समूचे नोएडा में अंडरग्राउंड केबिल करने में 1-2 वर्ष लग जाएंगे। फिलहाल नोएडा के तीन सेक्टरों में अंडरग्राउंड केबिल डालने का कार्य आगामी 1-2 माह में पूरा हो जाएगा।
आपको बता दें कि ओवरहेड केबिल के कारण आंधी व बारिश में तार टूटने तथा पेड़ों में करंट आने का हमेशा खतरा बना रहता है। लेकिन अंडरग्राउंड होने से इस समस्या से निजात मिल जाएगी।