
Greater Noida (चेतना मंच)। यूपी के ग्रेटर नोएडा में विभिन्न मांगों को लेकर पथ विक्रेता कर्मकार यूनियन ने मंगलवार को ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण कार्यालय पर प्रदर्शन करके ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण के सीईओ को संबोधित एक ज्ञापन दिया। ज्ञापन में पथ विक्रेताओं की समस्या का स्थाई समाधान न होने तक उनको सड़कों से न हटाने की मांग की गई।
यूनियन के महामंत्री गंगेश्वर दत्त शर्मा ने कहा कि नियम कानूनों का उल्लंघन कर ग्रेनो प्राधिकरण कर्मचारियों और थाना बिसरख पुलिस सिटी सोसाइटी ऐमनाबाद ग्रेटर नोएडा पर वर्षों से लगने वाले साप्ताहिक बाजार को पिछले कुछ दिनों से लगने से रोक रहे हैं। जिससे परेशान वेंडर्स ने पथ विक्रेता कर्मकार यूनियन संबंध सीटू के बैनर तले यूनियन के महामंत्री व सीटू जिलाध्यक्ष गंगेश्वर दत्त शर्मा, जिला सचिव रामस्वारथ के नेतृत्व में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण पर प्रदर्शन कर ज्ञापन दिया।
प्राधिकरण अधिकारियों को दिए गए ज्ञापन में मांग की गई है कि उक्त बाजार के वेंडर्स का सत्यापन कर लाइसेंस देकर वेंडिंग जोन में स्थापित किया जाए और जब तक यह कार्रवाई पूरी नहीं होती है उन्हें मौजूदा स्थान पर कार्य करने दिया जाए।
सीटू जिलाध्यक्ष गंगेश्वर दत्त शर्मा ने कहां की यदि प्राधिकरण द्वारा बाजार को लगने से आज फिर रोका जाएगा तो हम ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण पर बड़ा प्रदर्शन करेंगे।