
ग्रेटर नोएडा लाइव (चेतना मंच)। कुलेसरा के एक भाजपा नेता एवं स्थानीय पुलिस की मिली भगत से गांव के पंचमुखी हनुमान मंदिर के बगल में अवैध रूप से बाजार लगाने का कारनामा इन दिनों सुर्खियों में है।
बताया जाता है कि कुलेसरा निवासी भाजपा के एक दबंग नेता एवं कुलेसरा पुलिस की मिली भगत से यह गोरखधंधा चल रहा है। सूत्र बताते हैं कि इस अवैध बाजार से लाखों रुपये की वसूली भाजपा नेता के भाई द्वारा की जाती है, जिसमें पुलिस की भी हिस्सेदारी तय रहती है।
एक तरफ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भ्रष्टाचार पर प्रहार दर प्रहार कर रहे हैं वहीं दूसरी ओर उन्ही के ही पार्टी के नेता भ्रष्टाचार को बढ़ावा देते हुए धन उगाही के अभियान में लगे हैं। गौरतलब है कि कुछ माह पूर्व उक्त भाजपा नेता द्वारा एक गरीब दुकानदार को जबरन घसीट कर पीटने का वीडियो भी वायरल हुआ था, लेकिन आनन-फानन में भाजपा नेता ने पीड़ित को सुविधा शुल्क देकर उसका मुंह बंद करवा दिया। वहीं पुलिस भी इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं कर पाई तथा कथित भाजपा नेता द्वारा हिंडन नदी के किनारे सरकारी जमीन पर कई मंजिला अवैध रूप से मकान बनाकर लाखों रुपये का किराया वसूल किया जा रहा है।
भाजपा नेता की मनमानी एवं गुंडई जग जाहिर है लेकिन भाजपा के लोग ही उस तथा कथित नेता को प्रश्रय दे रहे हैं। अब देखना है कि मुख्यमंत्री द्वारा चलाए गए भ्रष्टाचार के प्रहार पर इस भाजपा नेता पर प्रहार बंद होता है या नहीं। यह तो आने वाला समय बताएगा, लेकिन अवैध रूप से लग रहे बाजार पर रोक लगेगी या नहीं यह जिला प्रशासन एवं ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के आला अफसर ही बता सकते हैं।