Greater Noida (चेतना मंच)। यूपी में ग्रेटर नोएडा के कस्बा जेवर के पास बन रही कॉलोनी में चोरों ने सात घरों में चोरी की वारदातों को अंजाम दिया। चोर घरों के बाहर लगे जेनरेटरों के अल्टीनेटर, इनवर्टर व बैटरी को चोरी कर ले गए।
जेवर के मोहल्ला कानून गोयान निवासी राहुल कुमार ने बताया कि जेवर कस्बे के पास एक नई कॉलोनी विकसित हो रही है। इस कॉलोनी में विद्युत विभाग द्वारा अभी कनेक्शन नहीं दिए गए हैं। इस कारण लोगों ने लाइट के लिए अपने घरों के बाहर जनरेटर लगाए हुए हैं। बीते दिनों रात्रि के समय चोरों ने मुकेश, संजय रावत, अमित गुप्ता, के प्रसाद, पवन कुमार के घर के बाहर लगे जनरेटर से अल्टरनेटर चोरी कर लिए। इसके अलावा वेद प्रकाश के घर के इनवर्टर में लगी चार बैटरी तथा शिवा के घर में लगे इनवर्टर व बैट्री को चोरी कर लिया। चोरों द्वारा एक साथ सात घरों में दी गई चोरी की घटना से यहां रहने वाले लोगों में भय व्याप्त हो गया है।
नोएडा में साइबर ठग ने खुद को युवती के पिता का दोस्त बताकर उसके खाते से 22 हजार रूपये निकाल लिए। पीड़िता के पिता ने थाना सेक्टर 39 में मुकदमा दर्ज कराया है। सदरपुर कॉलोनी में रहने वाले लाल चौहान ने पुलिस से की शिकायत में बताया कि बीते दिनों उसकी बेटी के मोबाइल फोन पर किसी अज्ञात व्यक्ति का फोन आया। उक्त व्यक्ति ने बताया कि वह उसके पिता का दोस्त है और उसे कुछ पैसे वापस लौटते हैं। पैसे वापस देने के नाम पर उक्त व्यक्ति ने उनकी बेटी से कुछ जानकारियां ले ली इसके बाद उनकी बेटी के खाते से दो बार में 22 हजार रूपये निकल गए।
बैंक से मैसेज आने पर उन्होंने तुरंत अपनी बेटी के खाते को सीज कराया। थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है इस मामले में साइबर सेल की भी मदद ली जा रही है पुलिस उस खाते का विवरण जुटा रही है जिस खाते में पैसे ट्रांसफर हुए हैं।
ग्रेटर नोएडा के थाना जारचा क्षेत्र के ग्राम गुलावठी खुर्द से पशु चोरों ने एक महिला की दो भैंस चोरी कर ली। पीड़ित महिला ने अज्ञात पशु चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। ग्राम गुलावठी खुर्द निवासी सुनीता देवी ने बताया कि बीते 13 जनवरी की रात को वह अपने घेर में पशुओं को बांधकर आई थी। तडक़े सुबह जब वह उन्हें चारा डालने पहुंची तो उसकी दो भैंस गायब थी। उसने आसपास व गांव में गायब भैंसों की तलाश की लेकिन उनका कोई पता नहीं चला। पुलिस ने पुलिस की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है।