Noida News (चेतना मंच)। दिल्ली के कुख्यात गैंगस्टर प्रवेश मान के भाई सूरज मान की नोएडा में शुक्रवार को दिनदहाड़े हुई हत्या के मामले में नोएडा के थाना सेक्टर-39 पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों बदमाशों की गिरफ्तारी नोएडा पुलिस ने दिल्ली से की है। इनके पास से वारदात में प्रयुक्त पिस्तौल व एक कार बरामद हुई है।
एडीसीपी ने बताया कि मुखबिर की सूचना के आधार दिल्ली से गैंगस्टर कपिल मान के भाई धीरज व मन्नू को गिरफ्तार किया गया है। दोनों आरोपी सूरज मान की हत्या की वारदात में शामिल थे और इन्होंने अपने साथियों के साथ मिलकर दिनदहाड़े घटना को अंजाम दिया था। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच को पता चला है कि दिल्ली के गैंगस्टर प्रवेश मान और कपिल मान उर्फ कल्लू के बीच पिछले काफी समय से आपसी रंजिश चली आ रही है।
वर्ष 2018 में प्रवेश मान के भाई अनिल मान की गैंगवार के चलते दिल्ली के काटजू मार्ग पर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस हत्या में गैंगस्टर कपिल मान उर्फ कल्लू तथा उसके गुर्गों का नाम आया था। वर्तमान में प्रवेश मान और कपिल मान दोनों ही दिल्ली की जेल में बंद है। उनके गुर्गे एक-दूसरे के परिजनों को निशाना बनाकर हत्या की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक नोएडा में गैंगवार में मारा गया सूरज मान कुख्यात गैंगस्टर प्रवेश मान का भाई था। प्रवेश शुरुआत में कुख्यात नीरज बवाना गिरोह से जुड़ा था। इसके बाद उसने अपना अलग गिरोह बनाकर प्रॉपर्टी डीलरों, व्यापारियों से वसूली का काम शुरू कर दिया। आपसी अदावत के चलते प्रवेश मान ने अपने गांव के सूर्य प्रकाश उर्फ बबलू कि वर्ष 2018 में दिल्ली के अशोक विहार में हत्या कर दी थी। बबलू के भतीजे कपिल मान ने अपने चाचा की हत्या का बदला लेने के लिए वर्ष 2018 में प्रवेश मान के भाई अनिल उर्फ बंटू की गोली मारकर हत्या कर दी थी।
पुलिस का कहना है कि गैंगवार के चलते ही गैंगस्टर कपिल मान के भाई धीरज मान ने अपने साथियों के साथ मिलकर सूरज मान की हत्या की वारदात को अंजाम दिया है। इस मामले में नामजद दो आरोपी शक्तिमान और अजीत की पुलिस तलाश कर रही है।