महाठगबाज बिल्डर आर.के. अरोड़ा एंड कंपनी ने बंद प्रोजेक्ट में बेच डाला फ्लैट
Noida News
भारत
चेतना मंच
02 Dec 2025 03:45 AM
Noida News। दिल्ली-एनसीआर में सुपरटेक बिल्डर के शिकार बने सैकड़ों बॉयर्स आज भी अपने फ्लैट हासिल करने के लिए लड़ रहे हैं। इस महाठगबाज बिल्डर कंपनी की कारस्तानी दुनिया के सामने आ चुकी है। अब इस महाठगबाज बिल्डर कंपनी ने बंद पड़े प्रोजेक्ट में फ्लैट बेच डाला है। 10 साल बाद भी न तो प्रोजेक्ट का पता है और न ही फ्लैट का।
न्यायालय के आदेश पर थाना सेक्टर-39 में सुपटेक बिल्डर के चेयरमैन व निदेशकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गयी है। एफआईआर लिखवाने वाले पवन शर्मा पुत्र ओमप्रकाश शर्मा निवासी चन्द्रलोक कालोनी शाहदरा, दिल्ली ने आरोप लगाया है कि उन्होंने सुपरटेक बिल्डर्स के गोल्फ विलेज प्रोजेक्ट में वर्ष-2013 में एक फ्लैट बुक कराया था। फ्लैट की कीमत 24 लाख 67 हजार रूपये थी। उन्होंने इसके लिए 1 लाख 82 हजार रूपये बुकिंग राशि भी दी थी।
पवन शर्मा ने बिल्डर कंपनी सुपरटेक टाउनशिप प्रोजेक्ट लिमिटेड को 17 लाख 67 हजार रूपये का भुगतान चैकों के माध्यम से किया। सुपरटेक बिल्डर ने 2017 तक फ्लैट का कब्जा व रजिस्ट्री कराने का आश्वासन दिया था। लेकिन 10 वर्ष बीत जाने के बाद भी कंपनी ने गोल्फ विलेज प्रोजेक्ट का निर्माण नहीं किया है। इस प्रोजेक्ट में 25 प्रतिशत भी निर्माण नहीं हुआ है। पवन शर्मा ने आरोप लगाया कि जब वह फ्लैट के संबंध में कंपनी के चेयरमैन आर.के. अरोड़ा व मैनेजिंग निदेशक मोहित अरोड़ा से मिले तो उन्होंने उसके साथ मारपीट की और कार्यालय से धक्का देकर बाहर निकाल दिया।
बिल्डर ने दी धमकी
पीडि़त पवन शर्मा का आरोप है कि सुपरटेक बिल्डर के चेयरमैन आर.के. अरोड़ा व उनके साथियों ने उन्हें धमकी दी है कि यदि पैसे व फ्लैट की बात की तो अच्छा नहीं होगा। हमारी कंपनी की सरकार व राजनीतिक लोगों में अच्छी पकड़ है और तुम हमारा कुछ नहीं बिगाड़ सकते।
सुपरटेक बिल्डर के इन लोगों पर एफआईआर
पीडि़त पवन शर्मा की शिकायत पर सुपरटेक बिल्डर के चेयरमैन आर.के. अरोड़ा, निदेशक मोहित अरोड़ा, सह मैनेजिंग निदेशक संगीता अरोड़ा, निदेशक कृष्ण गोपाल अरोड़ा, शैलेन्द्र कुमार, निदेशक गुलशन लाल खेरा व विकास कंसल के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गयी है।