
New Year 2023 : नोएडा। उत्तर प्रदेश की औद्योगिक सिटी नोएडा में नए साल 2023 का स्वागत कुछ इस अंदाज में हुआ कि यहां के लोग एक ही रात में करीब 139.6 करोड़ रुपये की शराब गटक गए। बताया जाता है कि इस साल लोगों ने शराब गटकने के मामले में पिछले साल का भी रिकार्ड तोड़ दिया है। गत वर्ष के मुकाबले इस वर्ष राजस्व में भी भारी बढ़ोत्तरी हुई है। 31 दिसंबर की रात को देसी, विदेशी और कच्ची शराब के जमकर जाम छलके थे।
गौतमबुद्ध नगर के सहायक आबकारी आयुक्त आर.बी सिंह के अनुसार, शहर में 98 बार लाइसेंस, करीब 82 ओकेशनल लाइसेंस, 140 फॉरेन लिकर, 138 बीयर शॉप, 25 मॉडल शॉप, 231 देशी शॉप और 15 प्रीमियम रिटेल वेंडर की शॉप्स हैं। उन्होंने बताया कि दिसंबर 2022 में कुल 139.6 करोड़ रुपए की बिक्री हुई है। पिछले साल के मुकाबले 23 प्रतिशत लिकर की बिक्री ज्यादा हुई है। बिक्री से आबकारी विभाग की बल्ले बल्ले हो गई है। गौतमबुद्ध नगर में शराब की तकरीबन 550 दुकाने हैं।
गौतमबुद्ध नगर शहरवासी 31 दिसंबर यानी नए साल के जश्न पर 2,30,000 बल्क लीटर शराब गटक गए। जिससे राजस्व में बढ़ोतरी हुई है। कार्रवाई की बात करें तो आबकारी विभाग ने अवैध शराब बिक्री पर भी नकेल कसी है, जिसमें 82 कार्रवाई दिसंबर महीने में की गई है और 2512 लीटर शराब जब्त की गई है।
नए साल के लिए 82 अन्य जगहों पर भी 1 दिन से 3 दिन तक ऑकेशनल लाइसेंस लेकर जमकर पार्टी की गई है। आबकारी विभाग से मिले आंकड़ों के मुताबिक, 82 लोगों ने 1 दिन से 3 दिन तक के ऑकेशनल लाइसेंस के लिए आबकारी विभाग में अप्लाई किया था। सारे मानकों को देखते हुए 1 दिन की 11 हजार की फीस लेकर आबकारी विभाग ने राजस्व वसूला है और 10 लाख रुपए से ज्यादा का राजस्व ऑकेशनल लाइसेंस लेने से आबकारी विभाग को प्राप्त हुआ है।