विज्ञापन
Noida Factory Fire: सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की आठ गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब ढाई घंटे की लगातार मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। राहत की बात यह रही कि घटना के समय फैक्ट्री बंद थी इसलिए किसी कर्मचारी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

नोएडा में सोमवार देर रात एक फैक्ट्री में भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते फैक्ट्री की ग्राउंड फ्लोर और पहली मंजिल इसकी चपेट में आ गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की आठ गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब ढाई घंटे की लगातार मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। राहत की बात यह रही कि घटना के समय फैक्ट्री बंद थी इसलिए किसी कर्मचारी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
जानकारी के मुताबिक, यह घटना नोएडा के थाना फेज-2 क्षेत्र के सेक्टर-88 स्थित बी ब्लॉक की है। यहां मौजूद एक निजी फैक्ट्री से सोमवार देर रात अचानक धुआं उठता दिखाई दिया। फैक्ट्री में तैनात सुरक्षा गार्ड ने सबसे पहले पीछे की ओर से धुआं निकलते देखा। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए उसने तुरंत फायर विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम बिना देरी किए मौके के लिए रवाना हो गई। कुछ ही मिनटों में कई दमकल गाड़ियां फैक्ट्री परिसर में पहुंच गईं और आग बुझाने का अभियान शुरू कर दिया गया।
यह भी पढ़ें: नोएडा की अरण्या सोसाइटी में आग की घटना ने हाई-राइज सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोली
मुख्य अग्निशमन अधिकारी (CFO) प्रदीप कुमार के अनुसार रात करीब 11:15 बजे आग लगने की सूचना कंट्रोल रूम को मिली थी। शुरुआती जानकारी में ही आग काफी बड़ी बताई गई थी इसलिए तुरंत आठ दमकल गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। जब तक फायर ब्रिगेड की टीम वहां पहुंची, तब तक आग ग्राउंड फ्लोर से होते हुए पहली मंजिल तक फैल चुकी थी। आग की लपटें लगातार तेज होती जा रही थीं जिसके कारण दमकल कर्मियों को काफी सावधानी के साथ रेस्क्यू और फायर फाइटिंग ऑपरेशन चलाना पड़ा।
दमकल विभाग की टीम ने लगातार करीब ढाई घंटे तक आग बुझाने का अभियान चलाया। टीम ने अलग-अलग दिशा से पानी की बौछार कर आग को फैलने से रोका और आखिरकार आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया। फायर विभाग के अधिकारियों के अनुसार समय रहते कार्रवाई शुरू होने से आग आसपास की अन्य फैक्ट्रियों तक नहीं फैल सकी। यदि आग पर जल्दी काबू नहीं पाया जाता तो नुकसान कहीं ज्यादा बड़ा हो सकता था।
फिलहाल आग लगने की असली वजह सामने नहीं आई है। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि फैक्ट्री के इलेक्ट्रिकल पैनल में शॉर्ट सर्किट होने के कारण आग लगी हो सकती है। हालांकि फायर विभाग और संबंधित एजेंसियां सभी पहलुओं की जांच कर रही हैं। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि आग तकनीकी खराबी की वजह से लगी या इसके पीछे कोई अन्य कारण था।
विज्ञापन