NOIDA LATEST: नोएडा। रियल स्टेट की नामी-गिरामी सोशल साइटों के माध्यम से अगर आप कोई संपत्ति किराए पर लेना चाह रहे हैं तो सावधान हो जाइए। ऐसा न हो कि आप ठग गिरोह के शिकार बन जाएं। ऐसे ही एक ठग गिरोह का थाना सेक्टर 39 पुलिस ने भंडाफोड़ कर 4 जालसाजों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी किराए पर संपत्ति दिलाने के नाम पर दर्जनों लोगों को लाखों रुपए का चूना लगा चुके हैं।
NOIDA LATEST
एडीसीपी आशुतोष द्विवेदी ने बताया कि थाना सेक्टर 39 पुलिस को गत दिनों शिकायत मिली कि कुछ लोग बेहतर लोकेशन पर संपत्ति दिलाने के नाम पर ठगी की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने टीम गठित कर जांच पड़ताल शुरू की। मुखबिर की सूचना के आधार पर अनिल चौहान, पुष्पेंद्र, अमितेश सिंह व मृत्युंजय चौबे को गिरफ्तार किया गया। इनके पास से 7 फर्जी आधार कार्ड, 9 फर्जी एग्रीमेंट, 20 हजार रूपए की नगदी बरामद हुई।
एडीसीपी ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों ने नामी रियल स्टेट साइट 99acre.com, मैजिक bridge.com, हाउसिंग डॉट कॉम पर जालसाजी से अपने मोबाइल नंबर डाले हुए थे। यह लोग किसी भी सेक्टर में बन रहे मकान, फैक्ट्री आदि की फोटो इन साइटों पर अपलोड करते थे। किराए पर मकान, फैक्ट्री लेने के इच्छुक लोग जब वेबसाइट पर दिए गए नंबरों पर संपर्क करते थे तो अनिल चौहान आदि ब्रोकर बन कर उनसे बात करते थे। इसके बाद बकायदा आरोपी संपत्ति किराए पर लेने वाले लोगों को साइट का निरीक्षण करा कर एक फर्जी एग्रीमेंट तैयार करवाते थे। इस फर्जी एग्रीमेंट के आधार पर ही यह लोगों से एडवांस के नाम पर पैसे अपने ही साथी के बैंक अकाउंट में ट्रांसफर करा देते थे। एडीसीपी ने बताया कि पैसे देने के बाद जब व्यक्ति शिफ्ट करने उक्त मकान अथवा फैक्ट्री में पहुंचता था तो उसे अपने साथ होने वाली धोखाधड़ी का पता चलता था।
एसीपी प्रथम रजनीश वर्मा ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों में अमितेश सिंह पहले प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करता था। इसलिए उसे इस धंधे की सभी बारीकियां पता है। अपनी इसी जानकारी की वजह से अमितेश सिंह व उसके साथी लोगों को किराए पर संपत्ति दिलाने के नाम पर लाखों रुपए का चूना लगाकर रफूचक्कर हो जाते थे। उन्होंने बताया कि अब तक पुलिस के पास इस तरह की धोखाधड़ी की 9 शिकायतें आई है। आगे इन शिकायतों की संख्या बढ़ सकती है। उन्होंने बताया कि आरोपियों के बैंक अकाउंट भी सीज किए गए हैं। इन अकाउंट में हाल ही में करीब 7 लाख रुपए का लेनदेन हुआ है।