Noida News (चेतना मंच)। उत्तर प्रदेश के नोएडा के सेक्टर 118 के एक कैफे में असामाजिक तत्वों ने पेट्रोल छिड़क कर आग लगा दी। आग की वजह से कैफे में रखी कुर्सियां, टेबल, डीप फ्रीजर सहित अन्य सामान जलकर राख हो गया। कैफे संचालक ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ नोएडा के थाना सेक्टर 113 में मुकदमा दर्ज कराया है।
नोएडा के सेक्टर 50 निवासी गौरव चौधरी ने थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि वह नोएडा के सेक्टर 118 में कैफे चलाता है। विगत 11 जनवरी की रात्रि को वह कैफे बंद कर अपने घर चला गया। तड़के करीब 4:30 बजे उसके पास फोन आया कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसके कैफे में आग लगा दी है। वह जब मौके पर पहुंचा तो कैफे आग की लपटों में घिरा हुआ था। उसने इसकी सूचना तुरंत फायर ब्रिगेड को दी।
मौके पर पहुंची दमकल गाड़ियों ने किसी तरह आग पर काबू पाया। आग की इस घटना में कैफे में रखी 80 कुर्सी, 22 टेबल, दो डीप फ्रीजर, एक फ्रिज, दो स्क्रीन मॉनिटर, 8 कैमरे, दो अलमारी, चार काउंटर व अन्य सामान जलकर राख हो गए थे। गौरव चौधरी के मुताबिक मौके पर पेट्रोल की महक आ रही थी। उन्होंने आशंका जताई कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनके कैफे में पेट्रोल छिडक़ कर आग लगाई है।
थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़ित के शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरा के फुटेज को कंगाल कर आग लगाने वाले की तलाश की जा रही है।